“प्रत्येक वोट जरूरी है” पर राज्य स्तरीय स्लोगन प्रतियोगिता की बढ़ी तिथि
26-Apr-2024 12:00 AM 816

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनुपम राजन ने बताया है कि लोकसभा निर्वाचन 2024 में मतदान का प्रतिशत बेहतर हो, इसके लिए मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत “प्रत्येक वोट जरूरी है” विषय पर राज्य स्तरीय स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। नागरिकों को अतिरिक्त अवसर देने की मंशा से इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि पांच दिन बढ़ाकर अब 30 अप्रैल कर दी गई है। पहले यह 25 अप्रैल थी। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही 10 प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्राप्त प्रविष्टियों के मूल्यांकन के लिए एक राज्य स्तरीय चयन समिति का गठन भी किया गया है। चयन समिति के मूल्यांकन के बाद परिणाम घोषित किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टि mp.mygov.in पोर्टल पर भेजनी होगी। इसके साथ ही प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^