1400 करोड़ की लागत से बनेगा गौमुख जलाशय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
08-Jun-2025 12:00 AM 429

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र कुंडम में जबलपुर और मंडला जिले के किसानों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुंडम के समीप ग्राम छपरा में सांदीपनिविद्यालय और आईटीआई का लोकार्पण करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए 1400 करोड़ रुपए की लागत से गौमुख जलाशय बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौमुख जलाशय से 25 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी। जलाशय से जबलपुर जिले के 14 हजार 900 और मंडला जिले के 10 हजार 100 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई संभावित है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र को सांदीपनि विद्यालय और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था की सौगात मिल रही है। यह शिक्षा के मंदिर इस क्षे़त्र में रहने वाले छात्र-छात्राओं के जीवन में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और विद्यार्थियों के जीवन की बेहतर दिशा तय करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि भगवान श्री कृष्ण और श्री बलराम ने संदीपनि आश्रम में अपनी शिक्षा ग्रहण की। शिक्षा ग्रहण करने के बाद विद्यार्थी नए रूप में उभरकर सामने आते हैं। इस अवसर पर राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेंटवाल, विधायक सर्व श्री संतोष बरकड़े, अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी एवं सुशील कुमार तिवारी इंदु सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन थे।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में नित नये आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश के दो सांदीपनि विद्यालय क्रमश: रतलाम का विनोबा सीएम राइज स्कूल ‘विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कूल पुरस्कार, 2024’ के ‘नवाचार’ श्रेणी में प्रथम स्थान पर घोषित हुआ है। सीएम राइज मॉडल उच्चतर माध्यमिक स्कूल झाबुआ को 'सपोर्टिंग हेल्दी लाइफ' में चुना गया है। लंदन स्थित T-4 एजुकेशन संस्था ने विभिन्न श्रेणियों में हमारे सांदीपनि विद्यालियों को विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कूलों में शामिल किया है। कक्षा 10वी एवं 12वी बोर्ड परीक्षा के परिणामों में शासकीय स्कूल के विद्यार्थियों ने निजी विद्यालयों की तुलना में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि गोंडवाना समाज की रानी दुर्गावती ने अपने पराक्रम से दुश्मनों को मात दी। उन्होंने 52 लड़ाईयां लड़कर दुश्मनों के दांत खट्टे किये। उन्होंने अपने शौर्य के साथ-साथ जल संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किया।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^