34 वर्ष के हुये कार्तिक आर्यन
22-Nov-2024 02:18 PM 6254
मुंबई, 22 नवंबर (संवाददाता) बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन आज 34 वर्ष के हो गये।कार्तिक आर्यन का जन्म 22 नवम्बर 1990 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। उनके माता-पिता दोनों चिकित्सक हैं। कार्तिक आर्यन ने अपनी स्कूली शिक्षा ग्वालियर के सेंट पॉल स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से जैव प्रौद्योगिकी में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की, हालांकि वह हमेशा से ही फिल्म जगत में अपना करियर बनाना चाहते थे। कॉलेज के दिनों में कार्तिक अपनी कक्षाओं को छोड़ देते थे और ऑडिशन में भाग लेने के लिए दो-दो घंटे तक सफर करते थे। कार्तिक आर्यन ने कॉलेज में पढ़ाई के दौरान मॉडलिंग करियर की शुरुआत की। उन्होंने अपनी पहली फिल्म साइन करने के बाद ही अपने माता-पिता को अपनी अभिनेता बनने की इच्छा के बारे में बताया था।कॉलेज में अपने तृतीय वर्ष के दौरान, कार्तिक आर्यन ने लव रंजन निर्दशित वर्ष 2011 में प्रदर्शित फिल्म प्यार का पंचनामा से अपने अभिनय जीवन की शुरुआत की। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर काफी हिट हुयी और अपनी भूमिका के लिए कार्तिक आर्यन को सर्वश्रेष्ठ पुरुष पदार्पण के लिए प्रोड्यूसर्स गिल्ड फिल्म अवार्ड के लिए नामांकन मिला। कार्तिक ने वर्ष 2015 में प्यार का पंचनामा के सीक्वल में भी काम किया। वर्ष 2018 में कार्तिक आर्यन ने सोनु के टीटू की स्वीटी में काम किया जो सुपरहिट हुयी। वर्ष 2022 में प्रदर्शित भूल भुलैया 2, कार्तिक आर्यन के करियर की कामयाब फिल्म साबित हुयी। इस वर्ष कार्तिक की फिल्म चंदू चैंपियन और भूल भूलैया 3 प्रदर्शित हुयी है। चंदू चैंपियन और भूल भुलैया 3 दोनों हीं फिल्मों में कार्तिक के अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया है।फिल्म भूल भुलैया 3 ने भारतीय बाजार में करीब 240 करोड़ की कमाई कर ली है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^