आदिवासियों को वनवासी कहने के पीछे भाजपा की बड़ी साजिश- राहुल गांधी
08-Nov-2023 04:57 PM 5717
पत्थलगांव 08 नवंबर (संवाददाता) कांग्रेस नेता एवं वायनाड़ से सांसद राहुल गांधी ने आज कहा कि आदिवासियों को वनवासी कहने के पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बड़ी साजिश है। श्री गांधी ने छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना गांव में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा है कि आदिवासियों को वनवासी कहने के पीछे भाजपा की बड़ी साजिश है। उन्होंने कहा कि वास्तव में यहां सबसे पहले आदिवासी समुदाय के लोग पहुंचे थे, इसलिये जल जंगल पर पहला आधिकार आदिवासियों का है। लेकिन भाजपा जंगलों में उद्योग लगा कर आदिवासियों को बेदखल करने मे जुट गई है। श्री गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासियों का सम्मान करती है, जबकि भाजपा आदिवासी को अपमानित कर रही है। उन्होंने मध्यप्रदेश के एक वायरल हुय वीडियों का उल्लेख किया, जिसमें आदिवासी युवक पर एक व्यक्ति पेशाब करते हुए दिखाई दे रहा है। उन्होनें तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेता कभी मवेशियों पर ऐसा कृत्य नहीं करते हैं, लेकिन उनके द्वारा आदिवासी को अपमानित करते हुए स्पष्ट देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार छत्तीसगढ़ के आदिवासियों को और अधिक खुशहाल बनाना चाहती है। यहाँ किसानों के लिए धान का समर्थन मूल्य 2600 रुपए से बढ़ा कर अब 3200 रुपए कर दिया है। इस तरह किसानों को और भी मजबूत बनाया जा रहा है। इसके विपरीत भाजपा केवल कुछ उद्योगपतियों की भलाई पर ही ध्यान दे रही है। इस जनसभा में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव, संसदीय सचिव यूडी मिंज ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^