22-Jan-2022 11:18 PM
7690
आगरा, 22 जनवरी (AGENCY) उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने अराजक तत्वों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके तहत आगरा मंडल के आठ जिलों में दो लाख से अधिक लोगों को पाबंद किया गया है।
आगरा मंडल के अपर महानिदेशक पुलिस राजीव कृष्ण ने शनिवार को बताया कि चुनाव में अशांति फैलाने वालों को चिन्हित करने के लिये चुनाव आयोग के निर्देश पर ‘आपरेशन पहचान’ चलाया गया। इसके तहत पिछले दस साल में जेल गये बदमाशाें का सत्यापन कराया गया। इसके अलावा पिछले पांच चुनावों के दौरान जिन लोगों ने विवाद किया था और जिनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गये, ऐसे सभी लोगों की सूची पुलिस के पास है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत आगरा जिले में 57,363, अलीगढ़ में 36,222, कासगंज में 29,315, मथुरा में 27,126, फिरोजाबाद में 20,839, हाथरस में 18,705, मैनपुरी में 10,517 और एटा जिले में 7,864 लोगों को पाबंद किया गया है।
कृष्ण ने बताया कि पुलिस उन्हीं लोगों काे पाबंद कर रही है, जिनके द्वारा चुनावों में व्यवधान उत्पन्न करने की आशंका है। चिन्हित लोगों को पांच लाख रुपये से पाबंद किया जा रहा है। ऐसे सभी लोगों पर नजर भी रखी जा रही है। चुनाव में किसी तरह का खलल डालने वालों से मुचलके की रकम जमा कराई जाएगी।...////...