आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में कार्मिकों की अहम भूमिका-गहलोत
23-May-2022 10:56 PM 4878
जयपुर, 23 मई (AGENCY) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह सुशासन राज्य सरकार का मुख्य ध्येय बताते हुए कहा है कि इन्हें साकार करने में अधिकारी और कर्मचारियों की अहम भूमिका है। श्री गहलोत आज शासन सचिवालय में राजस्थान सचिवालय कर्मचारी संघ के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास एवं आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाकर राहत देने के लिए सभी कार्मिक मानवीय दृष्टिकोण, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों को निभाएं। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इससे पूर्व उन्होंने सचिवालय परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन सचिवालय प्रदेश में सुशासन की नींव है। यहीं से प्रदेश के भविष्य के लिए फैसले लिए जाते हैं और जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन होता है। इन्हें संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतारकर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने में कर्मचारियों की बड़ी भूमिका होती है। इस चुनौतिपूर्ण कार्य में सभी कार्मिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर अधिकारी-कर्मचारी के साथ खड़ी है। बजट में कर्मचारी हितों में जो घोषणाएं की गई हैं, उन्हें समयबद्ध और सुनियोजित तरीके से पूरा करेंगे। श्री गहलोत ने कहा कि वर्तमान सरकार में कर्मचारियों के लिए पदोन्नति के अवसर बढ़ाए गए हैं। एस्यूर्ड कैरियर प्रोग्रेशन (एसीपी) संबंधी विसंगति को दूर करने का फैसला लिया गया। साथ ही राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) लागू कर कैशलेस उपचार की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील सुशासन के लिए प्रतिबद्धता दर्शाते हुए राज्य कर्मचारियों के हितों में ऎतिहासिक निर्णय लेकर ‘पुरानी पेंशन योजना‘ लागू की गई। सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की गई है। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि सुनिश्चित रहें, एनपीएस में जमा राशि सेवानिवृत्त पर ब्याज सहित मिलेगी। कर्मचारी हित में केंद्र सरकार और अन्य राज्यों को भी ओपीएस लागू करनी चाहिए। श्री गहलोत ने शासन सचिवालय में कर्मचारियों के लिए नए भवन और एक सभागार निर्माण कराने के लिए घोषणा की। उन्होंने कहा कि सचिवालय में कूलिंग प्लांट सिस्टम को भी अपग्रेड कराया जाएगा। श्री गहलोत ने कहा कि कोरोनाकाल में अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा समर्पित होकर कार्य करने से ही राजस्थान कोरोना प्रबंधन के लिए पूरे देश में मॉडल बना। सभी का अद्भुत सहयोग रहा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^