आंध्र प्रदेश में नायडू के रोड शो में भगदड़, आठ लोगों की मौत
28-Dec-2022 11:52 PM 2849
ओंगोले, 28 दिसंबर (संवाददाता) आंध्र प्रदेश में प्रकाशम जिला कंदुकुर में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू के रोड शो में बुधवार को भगदड़ मच गयी, जिसके कारण आठ लोगों की मौत हो गयी और 10 अन्य घायल हो गये। घायलों में से दो की हालत नाजुक है। श्री नायडू की सभा में भारी भीड़ उमड़ी थी। जब वह लोगों को संबोधित कर रहे थे, तो अचानक भगदड़ मच गई। इस दौरान कुछ लोग घटनास्थल के पास स्थित एक नाले में गिर गए। कुछ देर बाद अप्रिय घटनाओं को देखते हुए तेदेपा नेता ने अपना भाषण समाप्त कर दिया। मृतकों की पहचान आत्माकुर निवासी देविनेनी रवींद्र (73), कोंडाडुडुसुपले गांव निवासी कलावकुरु यनाडी (53), उलवापडु गांव निवासी यतागिरी विजय (35), कनुदुरु निवासी काकुमानु राजा (50), उटुकुरी पुरुषोत्तम (56), मारालापति चीना कोंडैया (55), गड्डा मधुबाबू, रमैया (45) और कंदुकुरी राजेश्वरी (37) के रूप में हुयी है। घायलों का जीजीएच में इलाज चल रहा है, जहां दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस अप्रिय घटना के बाद इलाके में पीड़ितों की मदद के लिए चीख-पुकार मच गई। प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक श्री नायडू का भाषण सुनने के लिए हजारों लोग अस्थायी मंच की ओर बढ़े। इस दौरान हाथापाई में भगदड़ मच गई, जिससे कुछ लोग छह फीट गहरे नाले में गिर गए। सभी आठ की दम घुटने से मौत हो गई। श्री नायडू ने शोक संतप्त परिवारों को 10 लाख -10 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। वह अपना रोड शो रद्द करके घायलों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह तेदेपा कार्यकर्ताओं की मौत से दुखी हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को एनटीआर ट्रस्ट के माध्यम से उनके बच्चों को सभी आवश्यक सहायता और शिक्षा प्रदान करने का आश्वासन दिया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^