30-Nov-2023 07:44 PM
2903
नयी दिल्ली, 30 नवंबर (संवाददाता) आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को खत्म करने के लिए षड़यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसलिए पार्टी के एक-एक नेता को जेल में बंद करने का सिलसिला शुरू किया गया है।
आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी शुक्रवार से दिल्ली में “मैं भी केजरीवाल’’ हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। एक से 20 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में राजधानी की जनता से पूछा जाएगा कि अगर मोदी सरकार द्वारा फर्जी मामला बनाकर श्री केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाता है तो क्या उनको इस्तीफा दे देना चाहिए या जेल से ही दिल्ली सरकार चलानी चाहिए। इस अभियान में दिल्ली सरकार के मंत्री, पार्टी के विधायक, पार्षद और पदाधिकारी घर-घर जाएंगे और लोगों से चर्चा कर उनकी राय जानेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली के अंदर लगातार विधानसभा चुनाव हार रही है। निगम में 15 साल लगातार सरकार चलाने के बावजूद दिल्ली के लोगों ने श्री केजरीवाल के कामों को प्राथमिकता देते हुए भाजपा को निगम से उखाड़कर फेंक दिया। श्री केजरीवाल के नेतृत्व में ‘आप’’ की सरकार जिस तरह से दिल्ली में काम कर रही है, उसे देखकर भाजपा के शीर्ष नेताओं और श्री मोदी को लगने लगा है कि दिल्ली के अंदर किसी भी कीमत पर भाजपा अपनी सरकार नहीं बना सकती है।
श्री राय ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल को खत्म करने के लिए भाजपा ने षड़यंत्र शुरू किया है। इसी षड़यंत्र के तहत श्री मोदी ने फर्जी शराब घोटाले का केस बनाकर पार्टी के एक-एक नेता को जेल में बंद करने का सिलसिला शुरू किया है। भाजपा हमारे विधायकों को तोड़ नहीं सकती, खरीद नहीं सकती और झुका नहीं सकती इसलिए अब दिल्ली के श्री केजरीवाल को गिरफ्तार करने की तैयारी हो रही है। इसके पीछे भाजपा का मकसद है कि मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर लिया जाएगा तो दिल्ली की सरकार गिराई जा सकती है और आप को तोड़कर उसे खत्म किया जा सकता है।
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि भाजपा पूरे देश में केवल श्री केजरीवाल को अपनी चुनौती समझती है। भाजपा को लगता है कि अगर श्री केजरीवाल को किसी फर्जी मुकदमें में गिरफ्तार करने में सफल होते हैं तो आम आदमी पार्टी खत्म हो जाएगी और दिल्ली सरकार का कामकाज ठप हो जाएगा।...////...