आप, सपा और निर्दलीयों से चुनाव नतीजे में नहीं पड़ेगा असर: दिग्विजय
05-Nov-2023 08:00 PM 7922
रतलाम, 05 नवंबर (संवाददाता) वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज कहा कि मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) और समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा उम्मीदवार उतारे जाने से ना तो मध्यप्रदेश के चुनाव नतीजों पर कोई असर पडेगा और ना ही इण्डी अलायंस पर कोई असर होगा, क्योकि इण्डी अलायंस लोकसभा चुनावों के लिए बनाया गया है। श्री सिंह आज यहां आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने के बाद मीडिया से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव भाजपा और कांग्रेस के बीच हो रहा है। आप, सपा या निर्दलीयों को वोट नहीं मिलने वाले है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर लगाए जा रहे वंशवाद के आरोपों से जुडे प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग चुनाव के असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के आरोप लगाते है। श्री सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्र्रेस को एक सौ तीस से अधिक सीटें मिलने का दावा किया। अयोध्या में बनाए जा रहे श्री राम जन्मभूमि मन्दिर से जुडे प्रश्न पर श्री सिंह ने कहा कि भगवान राम क्या अकेले भाजपा के है। भाजपा तो भगवान राम को भी भाजपा कांग्रेस में बांटना चाहती है। श्री सिंह ने कहा कि राम मन्दिर के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने एक लाख रुपए का चन्दा दिया तो मैने एक लाख ग्यारह हज़ार रुपए का चन्दा दिया है। इससे पहले श्री सिंह ने स्थानीय मोहन बाग में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित किया। उन्होने कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अगले नौ दिनों का समय कांग्रेस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सारे कार्यकर्ता यदि अगले नौ दिनों तक पूरी ताकत से चुनाव के काम में जुट जाएंगे तो प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने से कोई रोक नहीं पाएगा। उन्होने कहा कि जनता परिवर्तन चाहती है, जरुरत इस बात की है कि नाराज मतदाता के वोट हम कांग्रेस के पक्ष में डलवा लें। कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा, युवा नेता मयंक जाट, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र कटारिया अल्पसंख्यक नेता फैयाज मंसूरी समेत अनेक नेता मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^