‘आप’ के सामने चुनाव लड़ने से डर रही भाजपा : केजरीवाल
05-Jul-2022 08:26 PM 4399
नयी दिल्ली, 05 जुलाई (AGENCY) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के सामने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब चुनाव लड़ने से डर रही है और हार के डर की वजह से ही दिल्ली में निगम चुनाव टाल रही है। आप के राष्ट्रीय संयोजक श्री केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में मंगलवार को ‘हार के डर से भाजपा एमसीडी का चुनाव नहीं करा रही’ विषय पर अल्प कालीन चर्चा के दौरान कहा कि भाजपा को पता है कि दिल्ली की जनता हमेशा अपने बेटे, अपने भाई (केजरीवाल) के साथ खड़ी रहेगी। मैंने एक बेटे की तरह घर का ख्याल रखा है। अपने भाई-बहनों को पढ़ाता हूं। घर में कोई बीमार हो जाए तो उसका इलाज कराता हूं। ये लोग एमसीडी का चुनाव कराने वाले नहीं है। हमें न्यायालय में जाना पड़ेगा। हम न्यायालय जाएंगे और समय पर एमसीडी का चुनाव करवा कर रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले अब धमकी दे रहे है कि दिल्ली में अगला विधानसभा चुनाव ही नहीं होगा और दिल्ली को संपूर्ण केंद्र शासित प्रदेश बनाएंगे। ये लोग केजरीवाल से नफरत करते-करते इस देश से नफरत कर बैठे। अगर देश में चुनाव खत्म कर दोगे और जनतंत्र को खत्म कर दोगे, तो यह देश नहीं बचेगा। उन्होंने चर्चा का समर्थन करते हुए कहा कि बहुत मन होता है कि काश अगर हमारे पास एमसीडी होती तो हम दिल्ली को साफ कर देते। पिछले 15 साल से भाजपा के पास एनसीडी थी, लेकिन इन्होंने दिल्ली को साफ नहीं किया। अब ये लोग चुनाव भी नहीं करा रहे हैं। इन्होंने सारेआम गुंडागर्दी मचा रखी है कि हम भी काम नहीं करेंगे और तुमको भी नहीं करने देंगे। देखते हैं कि दिल्ली कैसे साफ होती है। ये लोग दिल्ली वालों से बदला निकाल रहे हैं। मैंने इनके एक वरिष्ठ नेता से पूछा कि दिल्ली को साफ करना इतनी बड़ी बात थोड़ी है। दिल्ली को साफ क्यों नहीं करते हैं। इस पर वे कहते हैं कि दिल्ली के सफाई कर्मचारी कामचोर है। भाजपा वाले कहते हैं कि दिल्ली के सफाई कर्मचारी कामचोर है। पहले ये लोग इसी तरह गंदी-गंदी भद्दी गालियां सरकारी स्कूल के शिक्षकों और सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों को दिया करते थे। कहते थे कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों के शिक्षक पढ़ाते नहीं है। निकम्मे हैं। शिक्षक स्कूल आते नहीं हैं। आते हैं, तो पेड़ों के नीचे बैठे रहते हैं। आज वहीं शिक्षक है। हमने तो शिक्षक बदले नहीं। दिल्ली के सरकारी स्कूल में करीब 60 हजार शिक्षक हैं और उन्होंने क्रांति करके दिखा दी। सरकारी अस्पतालों में वही डॉक्टर भी है, हमने तो बदले नहीं। इन्हीं डॉक्टरों ने क्रांति करके दिखा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये लोग फंड का रोना रोते रहते हैं कि दिल्ली सरकार फंड नहीं देती है जबकि हमने सारे फंड दे दिए हैं। अब तो एमसीडी केंद्र सरकार के अधीन आ गई है। अब तो हमारा फंड देना बनता ही नहीं है। अब तो सारा फंड केंद्र सरकार को देना है। केंद्र सरकार जब बिल लेकर आई थी, तब कहा था कि दिल्ली सरकार ने एमसीडी के साथ बहुत सौतेला व्यवहार कर रखा है। अब हम एमसीडी को अपने अधीन में ले रहे हैं। अब केंद्र सरकार से फंड ले लो। अब हमारे पास किस लिए आ रहे हो और हमें किस लिए गाली दे रहे हो। अब तो कुछ करके दिखा दो। पर अभी भी सफाई कर्मचारियों को तनख्वाह नहीं दे रहे हैं। अब तो एमसीडी में दिल्ली सरकार का कोई रोल ही नहीं है। हमें एमसीडी को कोई फंड नहीं देना है। भाजपा वाले कहते हैं कि हमारे पास ईडी है, इनकम टैक्स है, सीबीआई है, दिल्ली पुलिस है, सारी दौलत है, हर जिले में बड़े-बड़े कार्यालय हैं, तुम्हारे पास क्या है? दिल्ली की दो करोड़ जनता एक साथ बोलती है कि हमारे पास हमारा बेटा अरविंद केजरीवाल है। इसीलिए ये लोग डरते हैं। उन्होंने कहा कि अब भाजपा वालों ने एक नई धमकी देनी शुरू कर दी है कि दिल्ली में अब अगला विधानसभा चुनाव ही नहीं होगा। कह रहे हैं कि दिल्ली को अब संपूर्ण केंद्र शासित प्रदेश बनाएंगे। भाजपा वाले केजरीवाल से नफरत करते-करते देश से नफरत कर बैठे। केजरीवाल आएगा, जाएगा, केजरीवाल महत्वपूर्ण नहीं है। लेकिन अगर आप लोग इस देश में चुनाव कराना खत्म कर दोगे, संविधान के टुकड़े कर दोगे, जनतंत्र को खत्म कर दोगे, तो यह देश नहीं बचेगा। हम रहे या न रहें। हम अमर नहीं हैं। मैं भी मर जाऊंगा और आप भी मर जाओगे, लेकिन आपके बच्चे आपको गाली देंगे कि मेरा बाप इस सदन में खड़े होकर कहा था कि दिल्ली में चुनाव नहीं होंगे। आज देश में हमारे कट्टर विरोधी भी कहते हैं कि ये लोग तो कट्टर ईमानदार हैं। भ्रष्टाचार नहीं करते हैं। पैसे नहीं खाते हैं। इनको यह चुभ रहा है। ये लोग जबरदस्ती साबित करना चाहते हैं कि ये भी हमारे जैसे ही है। जैसे हम हैं, वैसे ये भी हैं। इन्होंने श्री सत्येंद्र जैन को पकड़ लिया। एक पैसे का भ्रष्टाचार साबित नहीं कर पा रहे हैं। मैं समझता हूं कि वह दिन देश के लिए काला दिन था। श्री सत्येंद्र जैन ने इस देश को ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को मोहल्ला क्लीनिक का कंसेप्ट दिया। पूरी दुनिया में दिल्ली अकेला शहर है, जहां दिल्ली के आदमी का सारा इलाज मुफ्त है। यह श्री सत्येंद्र जैन ने किया। ऐसे आदमी को उठाकर ये लोग जेल में डाल देते हैं। फिर भी कोई मान ही नहीं रहा है। लोग कह रहे हैं कि श्री सत्येंद्र जैन तो ईमानदार हैं। उन्होंने कहा कि अब ये लोग धमकी दे रहे हैं कि अगस्त के अंत तक श्री मनीष सिसोदिया को भी गिरफ्तार कर लेंगे। श्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली के 18 लाख बच्चों का भविष्य बनाया है। मैं खुला चुनौती दे रहा हूं कि भाजपा की 19 राज्यों में सरकारें हैं। भाजपा के 19 राज्य एक तरफ और दिल्ली एक तरफ। भाजपा शासित राज्यों के 10 स्कूल हम देख आते हैं और हमारे 10 स्कूल तुम देख लो। अभी गुजरात से भाजपा के 22 नेता दिल्ली सरकार के स्कूल देखने आए थे। जिसमें शिक्षा मंत्री समेत तमाम लोग थे। वे बोले कि हम पोल खोल कर आएंगे। हमने उनका स्वागत किया और कहा कि आओ स्कूल देखो। हम उनके साथ नहीं गए। वे खुद ही स्कूल देख कर आए। इनको कुछ कमी ही नहीं मिली। अभी तक हमारे 20-22 एमएलए को जेल भेज चुके हैं। अभी इन्होंने अमानतुल्ला खान, आतिशी, कादयान, संजीव और मुकेश अहलावत के खिलाफ नोटिस कर रखा है। कोर्ट के जितने भी फैसले आए, उन सारे फैसलों में हमारे विधायकों को बरी कर दिया। कोर्ट ने इन लोगों को ऐसा लताड़ा कि क्या झूठे केस कर रहे हो। फिर भी इनको अक्ल नहीं आई। अब तो इन्होंने हद कर दी है। पिछले हफ्ते ईडी ने तीन दिन तक रोज 10-10 घंटे तक हमारे एक कार्यकर्ता को समन करके बुलाया। कोई फर्जी मामला बना रखा है। उसको न खाने को दिया और न पानी दिया। मैं आम आदमी पार्टी के सारे विधायक, मंत्री और सभी कार्यकर्ताओं से अपील करना चाहता हूं कि अपने-अपने घर में कह दो और जेल जाने के लिए तैयार हो जाओ। इनसे डरने की जरूरत नहीं है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^