"अनुगूंज" हमारी सांस्कृतिक विरासत के विस्तार और युवा प्रतिभाओं के लिए सुनहरा मंच : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
11-Jan-2025 12:00 AM 1079

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि "अनुगूंज" जैसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाते हैं, बल्कि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा मौका भी देते हैं। कला हमारी अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। कला से कलह का शमन होता है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आहवान किया कि वे अपने भीतर छिपी संभावनाओं को पहचाने और अपने सपनों को साकार करने के लिए दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है कि युवाओं को शिक्षा, कला, साहित्य और खेलों में समुचित प्रोत्साहन मिले। उन्होंने कहा कि शासकीय स्कूल और यहां पढ़ने वाले बच्चे हमेशा से ही प्रतिभाशाली रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार शाम को शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उमावि में राज्य स्तरीय "अनुगूंज" कार्यक्रम 2024 में शिरकत की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम के सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से सराहना की। उनकी प्रस्तुतियों से प्रसन्न होकर मंच से सभी प्रतिभागी 16 टीमों को राज्य शासन की ओर से एक-एक लाख रूपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गीत-संगीत, नृत्य, वादन एवं रंग मंच से जुड़े 7 मेंटर्स (प्रयोगधर्मी कलाकारों) को मंच से सम्मानित किया और उनके परिश्रम और समर्पण की भी प्रशंसा की।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^