औद्योगिक उत्पादन में नवंबर, 2022 में 7.1 प्रतिशत की वृद्धि
12-Jan-2023 07:20 PM 3857
नयी दिल्ली, 12 जनवरी (संवाददाता) औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) पर आधारित देश के औद्योगिक उत्पादन में नवंबर, 2022 में एक वर्ष पहले के इसी माह की तुलना में 7.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने गुरुवार को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी । अक्टूबर 2022 में औद्योगिक उत्पादन चार प्रतिशत संकुचित हुआ था, जबकि नवंबर 2021 में औद्योगिक उत्पादन वृद्धि सालाना आधार पर एक प्रतिशत थी। आकड़ों के अनुसार अप्रैल-नवंबर 2022-23 के दौरान औद्योगिक उत्पादन में वार्षिक आधार पर 5.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार नवंबर 2022 में विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन सालाना आधार पर 6.1 प्रतिशत बढ़ा। आलोच्य माह में खनन क्षेत्र के उत्पादन में 9.7 प्रतिशत तथा बिजली उत्पादन में 12.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। आज जारी आंकड़ों के अनुसार दिसंबर में खुदरा महंगाई दर घटकर 5.72 पर आ गयी जो एक साल का इसका न्यूनतम स्तर है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^