बहनों के आशीर्वाद से प्रदेश को देश का नम्बर वन राज्य बनायेंगे -मुख्यमंत्री डॉ.यादव
19-Aug-2024 12:00 AM 822

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बहनों के अशीर्वाद से मध्यप्रदेश को देश का नम्बर वन राज्य बनायेंगे। रक्षाबंधन पर बहनों का स्नेह ही सबसे बड़ा आशीर्वाद है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज उज्जैन के रघुनन्दन गार्डन पंवासा, सुमन गार्डन एवं शिवांजली गार्डन में आयोजित लाड़ली बहना रक्षाबंधन कार्यक्रम में उपस्थित बहनों से संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत का परचम पूरी दुनिया में लहरा रहा है। दुनिया भारत देश एवं भारतीय संस्कृति की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि सरकार का समाज के साथ सरोकार होना चाहिये। सरकार को समाज के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना चाहिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन त्यौहार के पहले ही सरकार ने प्रदेश की एक करोड़ 29 लाख लाड़ली बहनों के खाते में प्रतिमाह मिलने वाली राशि 1250 के अतिरिक्त रक्षाबंधन शगुन के रूप में 250 रुपये भी जमा कराये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन-अपेक्षाओं के अनुरूप सरकार लगातार काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर पूरा उज्जैन शहर आज आनन्द में डूब गया है। यह हम सबका सौभाग्य है कि हम भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन के वासी हैं।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^