बहनों के स्नेह और आशीर्वाद से निरंतर विकास की नई गाथा लिख रहा है प्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
09-Aug-2025 12:00 AM 789

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि रक्षाबंधन सभी पर्वों का राजा है। यह पर्व भाई और बहन के बीच अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व है। इस पर्व का पूरे वर्ष सभी भाई-बहनों को बेसब्री से इंतजार रहता है। बहनों के स्नेह और आशीर्वाद से ही हम प्रदेश में विकास की नई गाथा लिख रहे हैं। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देते हुए आने वाले समय में उज्जैन को सिंहस्थ महापर्व के लिए तैयार कर रहे हैं। उज्जैन को निरंतर विकास कार्यों की अनगिनत सौगातें मिल रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को कालिदास अकादमी परिसर में 109 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सीमा के जवान और खेत के किसान दोनों का विशेष ध्यान रखते हैं। प्रधानमंत्री के द्वारा निरंतर हमारी सेना और किसानों के विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लाड़ली बहनों से कहा कि हमारी बहनें परिवारों का विेशेष ध्यान रखती है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर कन्या-पूजन किया और बहनों से राखी बंधवाई गई। सभी बहनों की ओर से मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव को प्रतीकात्मक वृहद राखी भेंट की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर आनंद नगर के पूजा स्व-सहायता समूह के द्वारा हाथ से बनाई गई राखियों के स्टॉल का अवलोकन किया। समूह की महिलाओं के द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राखी बांधी गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी महिलाओं को अपनी ओर से रक्षाबंधन पर साड़ी और मिठाई उपहार स्वरुप दी। साथ ही परंपरा अनुसार लाड़ली बहनों को सावन का झूला भी झुलाया।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^