बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य वेंटिलेटर सपोर्ट पर
30-Jul-2023 03:50 PM 2567
कोलकाता, 30 जुलाई (संवाददाता) मार्क्सवादी नेता एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य को सांस की तकलीफ के बाद यहां एक निजी अस्पताल में पूर्ण वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। रविवार को आई मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार उनकी हालत गंभीर किन्तु स्थिर है। श्री भट्टाचार्य को लोअर रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट इंफेक्शन के कारण शनिवार को वुडलैंड्स मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। शुरुआत में उन्हें नॉन-इनवेसिव वेंटिलेशन ( एनआईवी ) के तहत रखा गया था, लेकिन सांस लेने में तकलीफ के कारण देर रात उन्हें पूर्ण वेंटिलेशन पर रखा गया।आज दिन में उनके गले का सीटी स्कैन किया जाएगा। श्री भट्टाचार्य क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) के मरीज हैं। यह एक फेफड़ों की बीमारी है जिसके कारण वायु प्रवाह में बाधा आती है और सांस लेने में कठिनाई होती है। इसका इलाज एंटीबायोटिक दवाओं से किया जा रहा है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा)के सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री पिछले कुछ दिनों से लगातार बुखार और सांस लेने में तकलीफ से पीड़ित रहे हैं। एक चिकित्सक के अनुसार रविवार की सुबह उनके ऑक्सीजन स्तर में थोड़ा सुधार हुआ, हालांकि उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।इस बीच कई राजनीतिक नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ माकपा नेता के लिए शुभकामनाएं भेजी हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने बीमार नेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^