बृजलाल खाबरी को मिली उत्तर प्रदेश कांग्रेस की कमान
01-Oct-2022 10:49 PM 7813
नयी दिल्ली 01 अक्टूबर (संवाददाता) कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश इकाई को मजबूत बनाने के लिए नया प्रयोग करते हुए दलित नेता बृजलाल खाबरी को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है वहीं पार्टी ने पूरे प्रदेश को छह हिस्सों में बांटकर छह कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किए हैं। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को बताया कि इन सभी नियुक्तियों को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंजूरी दी है और सभी पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से काम करने को कहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी, अजय राय, वीरेंद्र चौधरी, नकुल दुबे, अनिल यादव (इटावा) और योगेश दीक्षित को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। उत्तर प्रदेश के जातीय समीकरणों को एकजुट करने के लिए इन नियुक्तियों को कांग्रेस का मास्टर स्टोक माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि पार्टी का यह नया प्रयोग उत्तर प्रदेश में जातीय आधार पर कांग्रेस को मज़बूती प्रदान करेगा। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इस प्रयोग के जरिए उत्तर प्रदेश को य छह भागों पूर्वांचल, अवध, प्रयाग, बुंदेलखंड, ब्रज और पश्चिमी हिस्से में बांट कर छह कार्यकारी अध्यक्ष बनाये है। श्री खाबरी के ज़रिए पूरे प्रदेश में दलित समाज को पार्टी जोड़ने के क़वायद की गई है। वह आक्रामक दलित नेता के बतौर जाने जाते हैं। अध्यक्ष के तौर पर उनकी दलित समाज को जोड़ने की बड़ी ज़िम्मेदारी होगी। इसी तरह से महराजगंज के फरेंदा से विधायक वीरेंद्र चौधरी पर पूर्वांचल में और ख़ासतौर पर फ़ैज़ाबाद, बस्ती, अम्बेडकरनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर में कुर्मी जाति को जोड़ने का दारोमदार होगा। प्रयाग क्षेत्र में पूर्व मंत्री अजय राय को ज़िम्मेदारी दी जाएगी। भूमिहार जाति से आने वाले अजय राय मज़बूत छवि के नेता रहे हैं। पार्टी सूत्रों ने कहा है कि अवध और बुंदेलखंड की ज़िम्मेदारी पूर्व मंत्री नकुल दुबे और योगेश दीक्षित को दी जा सकती है। इसी तरह पश्चिम में नसीमुद्दीन सिद्दीक़ी को को ब्रज में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी अनिल यादव (इटावा) को दी जा सकती है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^