बुंदेलखंड अंचल में बढ़ेगी समृद्धि - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
01-Sep-2024 12:00 AM 770

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आगामी 27 सितम्बर को सागर में हो रही रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव और दुनिया की सबसे बड़ी नदी जोड़ो “केन-बेतवा’’ लिंक परियोजना बुंदेलखंड को समृद्ध बनाने का कार्य करेगी। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव किसी एक जिले या संभाग में ही प्रगति का माध्यम नहीं बल्कि निकटवर्ती अंचल को सम्पन्न और समृद्ध बनाने का विशेष उपक्रम है। इससे क्षेत्र विकास के विविध आयाम हासिल करेगा। बुंदेलखंड की वीरता और शौर्य से पहचान बनी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज जनजातीय संग्रहालय में अंतर्राष्ट्रीय बुंदेली समागम - 2024 को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुंदेलखंड अंचल की विभिन्न प्रतिभाओं का सम्मान भी किया। कार्यक्रम में अभिनेता श्री मुकेश तिवारी ने बॉलीवुड संवाद, श्री सुमित ओरछा ने बुंदेली महिमा संवाद और बुंदेलखंड के आंचलिक लोक गायक श्री चंद्रभान वासुदेव ने गायन प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री चंद्रभान वासुदेव को बुंदेली गीत की शानदार प्रस्तुति के लिए 31 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^