बुंदेलखंड के हर खेत को पानी और हर हाथ को मिलेगा काम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
29-Jun-2025 12:00 AM 599

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारत की मातृशक्ति ने भारत का मान बढ़ाया है। भारत में बहन-बेटियों का सम्मान होता है, दुनिया में कहीं भी रक्षाबंधन नहीं मनाया जाता है। सात जन्मों तक भाई-बहन का प्यार रहता है इस प्यार की किसी से तुलना नहीं हो सकती। इसलिए सरकार ने तय किया है कि लाड़ली बहनों के लिए रक्षाबंधन पर 250 रुपए बढ़ाकर दिये जाएंगे। साथ ही आगामी दीपावली से लाड़ली बहनों को 1500 रुपए दिए जाएंगे और 2028 तक यह राशि बढ़ाकर 3 हजार रुपये कर दी जायेगी। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई ताकत हमारी लाड़ली बहनों को धन देने से नहीं रोक सकती। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार बहनों के विकास के मामले में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगी। रेडीमेड गारमेंट में काम करने वाली बहनों को मध्यप्रदेश सरकार 5 हजार रुपए महीना देगी यह सरकार का निर्णय है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में देवी अहिल्याबाई नारी शक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में शामिल होकर मैं अभिभूत हूं। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में गरीबी को दूर करने के लिए नदी जोड़ो अभियान की कल्पना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र की केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की शुरुआत हमारी सरकार ने की है जिस पर तेजी से काम किया जा रहा है। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुंदेलखंड की अक्षरु माता मंदिर के लोक निर्माण के लिए 5 करोड़ की राशि देने और सिमरा से पृथ्वीपुर मार्ग के दोहरीकरण के लिए 25 करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवाड़ी जिले में किसान हल्दी, अदरक, लहसुन की खेती करते हैं। इसके लिए फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवाड़ी जिले में मछली उत्पादन करने वाले मछुआरों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^