25-Oct-2023 06:46 PM
8247
बिलासपुर, 25 अक्टूबर (संवाददाता) हिमाचल के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से बीबीएमबी की बिजली परियोजनाओं में हिमाचल को 12 प्रतिशत रॉयल्टी दिलाने में मदद करने का आग्रह किया। उन्होंनें कहा कि भाखड़ा बांध विस्थापितों की समस्याओं का समाधान करने के लिए राज्य सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है।
श्री सुक्खू ने कहा कि बिलासपुर के लिए 100 करोड़ रुपये की मल निकासी योजना का शिलान्यास जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल के अधिकारों को वापस दिलाने का बीड़ा उठाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलासपुर जिला के विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। यहां के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए गोविंद सागर झील में जल क्रीड़ाओं से संबंधित गतिविधियां शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आपदा में एकजुटता हिमाचल प्रदेश की संस्कृति है परन्तु भाजपा के नेताओं ने इसकी भी परवाह नहीं की। उन्होंने कहा कि विशेष राहत पैकेज को लेकर वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले, लेकिन अब तक कोई विशेष राहत पैकेज नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 12000 करोड़ रुपये के दावे केंद्र सरकार को भेजे हैं। उन्होंने केन्द्र से आग्रह किया कि वे इस धनराशि को जल्द से जल्द जारी करें।
श्री सुक्खू ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के 20 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
विधायक राजेश धर्माणी ने कहा कि इस वर्ष मानसून की बारिश से प्रदेश में व्यापक नुकसान हुआ है। जिला बिलासपुर में भी बादल फटने की घटनाएं देखने को मिली हैं। ऐसे कठिन समय में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ग्राउंड जीरो पर पहुंचे आगे बढ़कर नेतृत्व प्रदान किया।
आपदा प्रभावितों को विशेष राहत पैकेज में ऐतिहासिक बढ़ौतरी के लिए श्री सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इससे प्रभावितों को समय पर आवश्यक मदद सुनिश्चित हुई है। आपदा में प्रभावी कार्यों के लिए नीति आयोग, विश्व बैंक के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने भी मुख्यमंत्री की प्रशंसा की है।
इससे पहले उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और जिला बिलासपुर में आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।...////...