वल्लभनगर विधानसभा उपचुनाव से पहले शक्तावत परिवार में हुए दो धड़
24-Aug-2021 07:45 PM 8777
उदयपुर। राजस्थान के एक और दिग्गज राजनीतिक शक्तावत परिवार में दरार आ गई है। वल्लभनगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले पूर्व गृहमंत्री स्वर्गीय गुलाब सिंह शक्तावत के परिवार में दो धड़े अब खुलकर सामने आ गये हैं। गुलाब सिंह के बड़े बेटे देवेंद्र सिंह शक्तावत अपने भाई पूर्व विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत की पत्नी को टिकट मिलने का अंदेशा जताते हुए खुलकर विरोध करने उतर गए हैं। वल्लभनगर से निर्वाचित विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत का बीमारी के चलते निधन हो गया था। उसके बाद अब जल्दी वल्लभनगर में उपचुनाव होने हैं। उपचुनाव से पहले यहां राजनीति गरमायी हुई है। उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व अध्यक्ष नगरपालिका भींडर देवेन्द्रसिंह शक्तावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लिखे पत्र में विधायक स्व गजेंद्रसिंह शक्तावत की पत्नी प्रीति शक्तावत की वल्लभनगर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के टिकट की दावेदारी का विरोध किया है। शक्तावत ने पत्र में कई गंभीर आरोप लगाते हुए बताया है कि अगर कांग्रेस पार्टी उनके पिता स्व गुलाबसिंह शक्तावत के आदर्शों और उसूलों के साथ कांग्रेस की रीति-नीति का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति को उम्मीदवार बनाने की मंशा रखती है तो वे कांग्रेस पार्टी छोडक़र कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों की मान सम्मान की लड़ाई चुनाव में निर्दलीय खड़े होकर लड़ेंगे। शक्तावत ने पत्र में लिखा कि यदि ठोस कदम उठाने की जरूरत हुई तो वो भी उठाएंगे, लेकिन अपने पिता गुलाबसिंहजी शक्तावत के आदर्शों और उसूलों को जिंदा रखेंगे। देवेन्द्रसिंह शक्तावत ने कहा कि वे कांग्रेस परिवार के निष्ठावान, समर्पित सिपाही हैं। उनके पिता स्वतन्त्रता सेनानी व पूर्व गृहमंत्री गुलाबसिंह शक्तावत राजस्थान सरकार की कर्मस्थली रही है। इस विधानसभा क्षेत्र को उनके पिता ने अपने अंतिम सांस तक कड़ी मेहनत एवं खून पसीने से सींचा है। Rajasthan..///..before-the-vallabhnagar-assembly-by-election-there-were-two-factions-in-the-shaktawat-family-313076
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^