भाजपा आलाकमान करेगा गठबंधन पर फैसला-अन्नामलाई
19-Mar-2023 10:33 PM 5745
चेन्नई, 19 मार्च (संवाददाता) तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष के. अन्नामलाई ने आज कहा कि उन्हें गठबंधन के मुद्दों पर निर्णय लेने का अधिकार नहीं है और इस पर फैसला पार्टी आलाकमान करेगा। श्री अन्नामलाई ने एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि उनके पास गठबंधन के मामलों पर फैसला करने का अधिकार नहीं है और भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व इस मुद्दे पर अंतिम फैसला करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि भाजपा राज्य में अपने दम पर सरकार बनाए और वह चुनाव में धन बल का उपयोग करने के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन जारी रखना चुनावों में धन बल का समर्थन करने जैसा है। विधानमंडल दल के नेता नैनार नागेंद्र ने इसे श्री अन्नामलाई की व्यक्तिगत टिप्पणी बताया और कहा कि गठबंधन पर अंतिम निर्णय केवल राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। श्री अन्नामलाई ने दो दिन पहले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में कहा था कि अगर अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन जारी रहता है तो वह अपने पद से इस्तीफा दे देंगे और एक सामान्य भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^