भाजपा हार के डर से मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बता रही: मान
21-Jan-2025 09:24 PM 1580
नयी दिल्ली, 21 जनवरी (संवाददाता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली की जनता से एक बार फिर आम आदमी पार्टी (आप) को प्रचंड बहुमत देकर सरकार बनवाने की अपील करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव हार रही है इसलिए वह अपना मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बता रही है। श्री भगवंत मान मंगलवार को शकूरबस्ती, त्रिनगर और मंगोलपुरी विधानसभा में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली की जनता से एक बार फिर आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत देकर सरकार बनवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव हार रही है इसलिए वह अपना मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बता रही है। श्री अरविंद केजरीवाल फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होने कहा कि भाजपा वालों ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने की पूरी कोशिश की, लेकिन इनकी सारी कोशिशें बेकार रहीं। उन्होंने कहा कि श्री सत्येंद्र जैन ने दिल्ली के सरकारी अस्पताल ठीक किए लेकिन विरोधी पार्टियों को यह बात इतनी चुभी और सबसे पहले सत्येंद्र जैन को अंदर कर दिया। इन्होंने सत्येंद्र जैन को तोड़ने की बहुत कोशिश की लेकिन वह नहीं टूटे। उन्होंने कहा कि आज जो दिल्ली के कोने-कोने में माहौल है, यही माहौल मैंने 2022 में पंजाब के चुनाव में भी देखा था। लोग यही कह रहे हैं कि श्री केजरीवाल हमारा बेटा है और मतदान के दिन दिल्ली में सिर्फ झाड़ू चलेगी। आप नेता ने कहा कि जो नेता आपके बीच रहकर काम करते हैं उन्हें आपकी समस्याओं के बारे में अच्छे से पता होता है। श्री अरविंद केजरीवाल ने आम लोगों को मंत्री और मुख्यमंत्री बनाने का जो सिलसिला चलाया है वो आगे बढ़ना चाहिए। दिल्ली में कांग्रेस ने 15 साल तक राज किया। भाजपा 15 साल निगम में रही और सालों से केंद्र सरकार में है लेकिन इन्होंने दिल्ली के लिए कोई काम नहीं किया, केवल काम रोके हैं। उन्होंने कहा कि 16 मार्च को पंजाब में हमारी सरकार के तीन साल पूरे हो जाएंगे। इन तीन सालों में पंजाब के अंदर 50 हजार सरकारी नौकरियां देकर आज आपके सामने खड़ा हूं। मैंने पिछले जन्म में जरूर कोई पुण्य किए होंगे जो लोगों का इतना प्यार मिल रहा है, वरना भाजपा के किसी नेता से लोग हाथ मिलाने के बाद अपनी उंगलियां देखते हैं कि कहीं वो उंगलियां चुराकर तो नहीं ले गए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^