भाजपा का महिला आरक्षण के नाम पर केवल वोट बटोरने का मकसद-पायलट
20-Sep-2023 07:53 PM 7158
टोंक, 20 सितम्बर (संवाददाता) राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर महिला आरक्षण के नाम पर वोट बटोरने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इनकी मंशा महिलाओं को आरक्षण देने की नहीं है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसके नाम पर केवल वाहवाही लूटने का काम कर रहे है। श्री पायलट बुधवार को टोंक विधानसभा क्षेत्र के अपने दौरे के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने कांग्रेस शासन के समय महिला आरक्षण बिल को आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल में संशोधन की क्या जरूरत है। भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर वोट बटोरने का काम कर रही है। इनकी मंशा महिलाओं को आरक्षण देने की नहीं है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल पर अब ये बोल रहे है कि वर्ष 2029 में जनगणना होगी, परिसीमन होगा, उसके बाद इसे लागू करेंगे। इससे भाजपा की मंशा साफ नजर आ रही है। श्री पायलट ने कहा कि राजस्थान में भाजपा विपक्ष की भूमिका का निर्वहन करने में पूरी तरह से विफल रही है। साढ़े चार साल तक इनके नेताओं ने आपकी सुध नहीं ली और अब जन आक्रोश यात्रा, परिवर्तन यात्रा निकाल रहे है। पिछले नौ वर्षों से केन्द्र में भाजपा की सरकार है। प्रदेश से दो बार 25 के 25 सांसद भाजपा के चुनकर आपने दिल्ली भेजे। परन्तु वो एक भी नई योजना प्रदेश को नहीं दिलवा सकें। उन्होंने कहा कि पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को राष्ट्रीय परियोजना घोषित कराने में ये पूरी तरह से नाकाम रहे। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार केन्द्र में थी तो कांग्रेस ने शिक्षा का अधिकार, मनरेगा, खाद्य सुरक्षा का अधिकार जैसे कल्याणकारी कानून बनाये और भाजपा ने अपने शासन में किसान विरोधी तीन काले कानून बनाये, अग्निवीर योजना लागू कर रोजगार समाप्त किये, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ाने का काम किया। पेट्रोल, डीजल, गैस, रोजमर्रा की खाद्य वस्तुओं के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास जनता को बताने के लिए कोई काम नहीं है। वे अब जनता को मंदिर, मस्जिद, धर्म, जाति के नाम पर बरगलाने की कोशिश करेंगे लेकिन लोगों को सजग रहना है, अपना आपसी भाई-चारा कायम रखना है और क्षेत्र में निरन्तर हुए विकास कार्यो के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी को विजयी बनाना है। श्री पायलटन ने इस दौरान देवली भांची, मण्डावर, हथौना, पराना एवं बरोनी गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत कर ग्रामीणों एवं आमजन से संवाद किया तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा “आज मैं आपके बीच केवल विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने ही नहीं आया हूं बल्कि आप लोगों को साधुवाद देने भी आया हूं क्योंकि जब स्थानीय लोग जागरूक होंगे तभी क्षेत्र में विकास संभव होता है। आप लोगों की जागरूकता के कारण ही यहां विकास कार्य सम्पन्न हो रहे है। जनता के पैसों का पूरा-पूरा सदुपयोग हो, इसकी निगरानी रखने की जिम्मेदारी आप, हम सबकी है। हमारी पूरी कोशिश रही है कि टोंक की हर पंचायत हर ढाणी तक विकास कार्य हों। हमने टोंक विधानसभा क्षेत्र की 36 पंचायतों की 36 कौमों के लिए बिना पक्षपात, बिना भेदभाव के विकास कार्य किये है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा, सड़क क्षेत्र में विकास को प्राथमिकता देकर कार्य किया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^