भाजपा का शासन आने पर कोई भी दंगा-उपद्रव नहीं होगा- पूनियां
03-Apr-2022 10:21 PM 2622
जयपुर 03 अप्रैल (AGENCY) राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के केन्द्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को देश में तनाव का माहौल के लिए जिम्मेदार ठहराने पर पलटवार करते हुए कहा है कि जाति, धर्म के नाम पर तुष्टिकरण की राजनीति कांग्रेस की देन है, जो उसने देश की सत्ता में रहते हुये 50-55 वर्षों तक की और आज भी कांग्रेस यह राजस्थान में कर रही है लेकिन भाजपा का शासन आने पर कोई दंगा-उपद्रव नहीं होगा। डा पूनियां ने आज बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस सरकार राजस्थान में इस कदर तुष्टिकरण कर रही है, जिसमें बहुसंख्यक हिन्दुओं पर अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं, और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दंगा, उपद्रव होने के बाद खुद की सरकार की विफलताओं को छिपाने, कांग्रेस की जाति-धर्म की राजनीति से ध्यान भटकाने के लिये प्रेस कांफ्रेंस करते हैं, जिसमें वह झूठ का पुलिंदा परोसते हैं, भाजपा एवं केन्द्र सरकार पर झूठे आरोप लगाकर इतिश्री कर लेते हैं, जो उनकी आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि यह बात मीडिया भी अच्छे तरह से जान चुका है कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को संभालने, आमजन, बहन-बेटियों को सुरक्षित वातावरण देने में पूरी तरह विफल श्री गहलोत सिर्फ रटी-रटाई बातें बोलते हैं, जो उनको दिल्ली दरबार में गांधी परिवार को खुश करने व अपनी कुर्सी बचाने के लिये कहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गहलोत सरकार के शासन में ना बहुसंख्यक हिन्दु सुरक्षित हैं, ना बहन-बेटियां, ना सरकारी कर्मचारी। प्रदेश की कानून व्यवस्था के इतने बुरे हालात हैं कि जमीनी स्थिति देखें तो श्री गहलोत ने विधायकों को खुली छूट दे रखी है, अपने-अपने क्षेत्रों में जो करना मनमर्जी करिये, पुलिस-प्रशासन को लाचार कर रखा है, कांग्रेस सरकार में इनके विधायकों द्वारा अपने क्षेत्रों में पुलिस-प्रशासन पर दवाब बनाकर मनमर्जी, तानाशाही चल रही है। डा पूनियां ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार गिरने के डर से श्री गहलोत इतने मजबूर हैं कि इन्होंने विधायकों को भ्रष्टाचार की भी खुली छूट दे रखी है, और सरकार को समर्थन देने के लिये इन्होंने विधायकों को प्रलोभन दिये, इस बारे में इनके वरिष्ठ नेता व मंत्री महेन्द्रजीत मालवीया भी कह चुके हैं। कानून व्यवस्था के मामले में हर जिले की स्थिति खराब हो चुकी है, ऐसा लगता है जैसे अपराधियों, भूमाफियों का राज है, जिसको कांग्रेस सरकार का संरक्षण प्राप्त है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^