भाजपा की पहचान धन बल से जनादेश को अपमानित करने वाला दल: मोहन
18-Jan-2022 09:54 PM 2628
देहरादून, 18 जनवरी(AGENCY) उत्तराखण्ड कांग्रेस के मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव मोहन प्रकाश ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राजनीतिक शुचिता समाप्त करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज भाजपा की पहचान धन बल से जनादेश को अपमानित करने वाले दल के रूप में हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संवाददाताओं से अनौपचारिक बातचीत में श्री प्रकाश ने कहा कि पूर्व में हुए विधानसभा चुनावों में मणिपुर, गोवा आदि राज्यों में कांग्रेस को बहुमत मिला, लेकिन धन बल का सहारा लेकर भाजपा ने लोकतंत्र को कुचलने का काम किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में भी 2016 में कांग्रेस सरकार को गिराने की साजिश और सरकार को भंग करने का घिनौना षड्यंत्र कर लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास किया, जिसे पूरे देश ने देखा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश में तानाशाही का माहौल पैदा कर दिया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि राजनीतिक शुचिता का दावा करने वाले देश की संसद में भी जबावदेह नहीं है। कृषि बिल, बेरोजगारी व मंहगाई पर चर्चा तक नहीं होती। प्रधानमंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एक भी शब्द नहीं बोलते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी मंहगाई बढ़ी, लेकिन तब सरकार हस्तक्षेप कर मंहगाई को कंट्रोल कर लेती थीं। आज भाजपा सरकारों ने देश के लोगों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में मोदी सरकार कहीं नहीं दिखी, जबकि कांग्रेस तथा सामाजिक संगठन के लोग राहत कार्यों में लगे रहे। उन्होंने कहा कि इस मामले में मोदी सरकार पर आपराधिक मामला दर्ज होना चाहिए। केंद्रीय पर्यवेक्षक श्री प्रकाश ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए चुनाव प्रचार के तरीकों में भी बदलाव किया जा रहा है। कांग्रेस वर्चुअल रैली की योजना शुरू कर रही है, जिसकी शुरुआत राहुल गांधी के सम्बोधन से होगी। उन्होंने बताया कि राज्य में हरीश रावत व अन्य नेता भी वर्चुवल रैली के जरिये लोगों तक अपनी बात पहुंचाएंगे। ये सिस्टम पूरे चुनाव तक रहेगा। उन्होंने बताया कि ग्रास रुट स्तर पर कार्यकर्ताओं का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जो हर व्यक्ति को भाजपा सरकार की नाकामी बताए और ये भरोसा दिलाये की कांग्रेस सरकार ही जनहित के काम कर सकती है। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर सोशल मीडिया का सहयोग लिया जा रहा है, ताकि हर घर और हर व्यक्ति तक भाजपा सरकार की दमनकारी नीति के दुष्प्रभावों का लेखाजोखा पहुंच सके। उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार को 'ट्रबल सरकार यानी मुसीबत वाली सरकार“ बताते हुए कहा कि उत्तराखण्ड में बेरोजगारी, मंहगाई, पलायन, शिक्षा व स्वास्थ्य की ध्वस्त होती व्यवस्था तथा पर्वतीय क्षेत्र में समाप्त होती कृषि व्यवस्था आदि गंभीर मुद्दे हैं, जिनके समाधान के लिए राज्य सरकार का नकारात्मक रुख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का विकास के प्रति कोई विजन नहीं है। उसने पांच साल राज्य के संसाधनों को अपने सत्ता संघर्ष पर लगाया है और राज्य में तीन मुख्यमंत्री बदले जाने का ड्रामा करती रही। उन्होंने कहा कि आगामी 14 फरवरी को उत्तराखण्ड की सत्ता से भाजपा की विदाई तय है और राज्य में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनेगी। इससे पूर्व, महासचिव संगठन मथुरादत्त जोशी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर श्री मोहन प्रकाश फुलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। जबकि केंद्रीय नेता ने प्रदेश कार्यालय में वार रूम तथा चुनावी तैयारियों का जायजा लेते हुए वहां उपस्थित पदाधिकारियों के साथ चुनावों पर चर्चा की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^