भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 20 को ग्वालियर में
17-Aug-2023 11:32 AM 3105
भोपाल, 17 अगस्त (संवाददाता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आगामी 20 तारीख को प्रदेश के ग्वालियर में होगी, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार ग्वालियर में होने वाली बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों समेत लगभग एक से डेढ़ हजार कार्यकर्ताओं के उपस्थित रहने की संभावना है। इसके मद्देनजर तैयारियों को अंतिम स्वरूप दिया जा रहा है। बैठक में श्री शाह के साथ ही चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और अश्विनी वैष्णव भी शामिल होंगे। इसी दौरान श्री शाह की ओर से प्रदेश सरकार के कामकाज का लेखाजोखा प्रस्तुत किए जाने की भी संभावना जताई जा रही है। इसके पूर्व पार्टी के तीन राज्यों महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तरप्रदेश के विधायक कल से राजधानी भोपाल में जुटेंगे। ये विधायक विधानसभा चुनाव के पूर्व प्रदेश की सभी विधानसभाओं में मैदानी स्तर पर भ्रमण कर पार्टी की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाएंगे। इसके लिए शनिवार 19 अगस्त को इन्हें राजधानी भोपाल में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद ये सभी जनप्रतिनिधि अपने कार्य में जुटेंगे। पार्टी की ये पूरी कवायद केंद्रीय संगठन की चुनाव संबंधित तैयारियों के अभियान का हिस्सा है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^