20-Aug-2023 05:48 PM
6312
ग्वालियर, 20 अगस्त (संवाददाता) केन्द्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने आज कहा हमें जनता को बताना होगा कि कांग्रेस सिर्फ झूठ की गारंटी देती है, जबकि भाजपा की सरकार विकास का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करती है।
श्री यादव यहां भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, वीरेंद्र कुमार सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। श्री यादव ने कहा कि यह वृहद कार्यसमिति अपने आप में एक्शन प्लान वाली कार्यसमिति है। यहां पर चिंतन-मंथन के बाद हम विजय संकल्प के साथ जनता के बीच जाएंगे।
प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री यादव ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्रीय नेतृत्व और संगठन भारत के निर्माण में लगा है। देश की उन्नति और प्रगति के लिए भाजपा का संगठन जिस तरीके से काम कर रहा है, वह अद्भुत है। जिस एकात्म मानववाद के संकल्प को लेकर पार्टी ने अपनी यात्रा शुरू की थी उसका पहला संदेश पं. दीनदयाल उपाध्याय ने ग्वालियर से दिया था। ग्वालियर इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि यह राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी की कर्मभूमि रहा है। जब कांग्रेस ने लोकतंत्र और जनता के अधिकारों को कुचलने का प्रयास किया तो राजमाता ने जेल जाकर हमें इस लड़ाई को लड़ने की प्रेरणा दी थी।
केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक श्री तोमर ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के लिए चुनाव एक परीक्षा होता है। आज हम चुनावी योजना में हैं, यह चुनाव सिर्फ हम मध्यप्रदेश की विधानसभा का चुनाव नहीं है। यह चुनाव मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर और कैलाश विजयवर्गीय या किसी व्यक्ति के लिए नहीं है, यह चुनाव विकसित भारत को मजबूती देने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि इस राजनीतिक यात्रा में हमारे लिए देश प्रथम पार्टी द्वितीय और स्वयं को तीसरे स्थान पर रखते हैं। हमारे लिए देश और दल दोनों ही महत्वपूर्ण हैं। इसलिए विधानसभा चुनाव में हर कार्यकर्ता को प्राणपन के साथ जुटना है।
श्री तोमर ने कहा कि हमारा केंद्रीय नेतृत्व और सभी नेताओं ने पार्टी को सक्रीय बनाने के लिए जो योजना बनाई है, उसके क्रियान्वयन में पूरी पार्टी और हम सब लगे हुए हैं। हमें मिलकर पार्टी के कार्यक्रमों को नीचे तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश वह राज्य है, जहां के कार्यकर्ता अगर मजबूती के साथ संकल्प लेते हैं, तो कोई भी माई का लाल उन्हें रोक नहीं सकता। 2003 और 2008 में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया तो हमें विजय मिली। 2013 में कार्यकर्ताओं ने फिर पूरी जोश और उत्साह के साथ संकल्प लिया। जिसके परिणाम स्वरूप विराट विजय हुई। 2018 के चुनाव में हम कुछ सीटों से पिछड़ गये, लेकिन हमारा वोट प्रतिशत अधिक रहा। 2023 के चुनाव में चूक की कोई संभावना नहीं होनी चाहिए, हम सभी को मिलकर पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुटना है।
श्री तोमर ने कहा कि वातावरण हमारे अनुकूल है, केंद्र और राज्य की योजनाओं के साथ और पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे, तो निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी विजय का वरण करेगी। श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारत की बुनियाद को मजबूत किया है, उन्होंने 2047 में भारत को विश्वगुरू के रूप में अधिष्ठित होने का जो संकल्प विकसित किया है, उसे पूरा करने में मध्यप्रदेश की भी महत्वूर्ण भूमिका होगी।
उद्घाटन सत्र के पश्चात् वृहद कार्यसमिति बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों और ऐतिहासिक निर्णयों के लिए राजनीतिक प्रस्ताव रखा उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी के आदर्शोंं एवं पं दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन को अपनी नीतियों के केंद्र में रखते हुए ‘प्रण अंत्योदय, पथ अंत्योदय और पग अंत्योदय की दिशा में बढ़ रहीं है। केंद्र और राज्य के भाजपा नेतृत्व में मध्यप्रदेश भी देश की इस विकास यात्रा में एक अहम कड़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति को समाप्त करने का अभियान छेड़ा है, जो भारत के लोकतंत्र को परिष्कृत करने वाला है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण हमारा लक्ष्य है, नारी समृद्धि और नारी सम्मान हमारा अभिमान है। किसान कल्याण के लिए हमारी भाजपा सरकार समर्पित है, उन्होंने कहा कि जनजातीय नायकों को सम्मान और जनजातीय कल्याण के लिए हमारे सरकार दिन-रात काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकारों की हमारे पास अपार उपलब्धियां हैं। उत्साहपूर्ण वातावरण में संगठन के लक्ष्य, चुनाव में पूर्ण विजय का संकल्प लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं।
राजनीतिक प्रस्ताव का समर्थन करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि किसी भी देश के पथ, आकार, भविष्य को तय करने के लिए सदियां लग जाती है, लेकिन भारत में प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में नौ वर्षों में तय करके दिखाया है। क्षमता से शक्ति तक निर्भरता से आत्मनिर्भरता तक जो एक नई भारत की शक्ति 140 करोड़ जनता के साथ मिलकर आज भारत विश्व पटल पर एक नक्षत्र की तरह उभर चुका है।
श्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश की जो पहचान पिछले नौ वर्ष में बनी है वह सदियों तक भारत का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि कुर्सी और पद महत्वपूर्ण नहीं लेकिन भारत माता की माटी के लिए बलिदान देना सबसे महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने एक नई विचारधारा के तहत सबका साथ-सबका विकास, सबका साथ और सबका प्रयास लेकर एक जुट होकर भारत माता को आगे बढाने का संकल्प किया। इसलिए भाजपा गरीब किसान, महिला और सबकी है। अगर आंकडे़ देखें तो 2003 में मप्र का बजट 16 हजार करोड़ का था। 2023 में 2.50 लाख करोड़ हो गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिलाओं के लाडली लक्ष्मी योजना और लाडली बहना योजना शुरू की है। आज ये इस बात को सिद्ध करता है कि गरीबों का कल्याण अगर कोई करता है तो भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है। आज हमें संकल्प लेना होगा कि हमें 2023 में और 2024 में भी भारतीय जनता पार्टी को फिर से सत्ता में लाना है।
केन्द्रीय मंत्री श्री खटीक ने राजनीतिक प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में केन्द्र और राज्य की डबन इंजन की सरकारों ने देश और प्रदेश में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को लेकर जो काम किए हैं वो कभी नहीं हुए हैं। कांग्रेस ने 60 साल के शासनकाल में सिर्फ तुष्टीकरण की राजनीति की है। आज हमारे सामने फिर चुनाव हैं और कांग्रेस झूठ के सहारे जनता को भ्रमित करने का काम करेगी। ऐसे लोगों को हमें उन्हीं के शब्दों में जवाब देना होगा।
केंद्रीय मंत्री श्री पटेल ने राजनीतिक प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि राजनैतिक प्रस्ताव हमारा दस्तावेज है। वही हमारा चुनाव का एजेंडा होगा। आज केन्द्र और राज्य सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर गरीब को मिल रहा है। हमें सरकारों की विकासोन्मुखी नीतियों को लेकर जनता के बीच जाना है और देश और प्रदेश में कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों को उजागर करना है।
केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने राजनीतिक प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि जब 2018 में मप्र के विधानसभा के चुनाव हुए थे तब भाजपा और कांग्रेस का वोट प्रतिशत देखेंगे तो भाजपा का 41.6 तथा कांग्रेस का 41.5 था। इस नंबर के कारण दुर्भाग्य से 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी थी और उस समय उसकी जो खामिया हैं और आने वाले समय में हम सभी कार्यकर्ताओं को ध्यान रखने की जरूरत है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मध्यप्रदेश में संबल योजना गरीबां के लिए बनाई थी लेकिन जब 15 महीने के लिए कांग्रेस की सरकार बनीं तो कांग्रेस ने पाप करते हुए यह योजना बंद कर दी और किसानों को भी झूठे आश्वासन देकर किसानों को भी धोखा दिया।
प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने राजनैतिक प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान की जनकल्याणकारी नीतियों से हर वर्ग लाभान्वित हुआ है। आज देश में हितग्राही योजनाओं का लाभ लेकर गरीबी से निजात पा रहे है। मोदी जी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में आगे बढ रहा है, वहीं प्रदेश मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में विकासशील प्रदेश की श्रेणी में आ गया है। राजनैतिक प्रस्ताव में प्रदेश के हितग्राहियों की ओर से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को धन्यवाद भी ज्ञापित किया है। राजनैतिक प्रस्ताव पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री विजयवर्गीय ने रखा और प्रस्ताव का समर्थन केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया, श्री खटीक, श्री कुलस्ते, श्री पटेल एवं प्रदेश मंत्री श्री अग्रवाल ने किया।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह ने की। सत्र के दौरान केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक श्री तोमर, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश, प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री यादव, सहप्रभारी अश्विनी वैष्णव, राष्ट्रीय महासचिव श्री विजयवर्गीय, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश सह प्रभारी प्रो. रामशंकर कठेरिया, संसदीय बोर्ड के संदस्य सत्यनारायण जटिया, केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया, श्री पटेल, श्री कुलस्ते, डॉ. खटीक, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री वर्मा, प्रभात झा, राकेश सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धुर्वे, प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री गोपाल भार्गव मंचासीन थे। मंच का संचालन पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी ने किया।...////...