14-Feb-2024 10:46 PM
4457
पटना 14 फरवरी (संवाददाता) बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के श्री संजय कुमार झा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तरफ से डॉ. भीम सिंह तथा डॉ. धर्मशीला गुप्ता जबकि कांग्रेस की ओर से अखिलेश प्रसाद सिंह ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन दाखिल किया।
राजग उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जदयू सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी समेत बिहार सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक और विधान पार्षद उपस्थित थे।
कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने अपना नामांकन किया। नामांकन के बाद श्री सिंह से जब पत्रकारों ने सवाल किया कि उनके महागठबंधन के कोई साथी नामांकन में क्यों नहीं दिखे तब उन्होंने कहा कि सभी साथ दिखेंगे ।
गौरतलब है कि बिहार से राज्यसभा की छह सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव हो रहा है। प्रत्याशी 15 फरवरी तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं । 16 फरवरी को कागजात की जांच की जाएगी और आवश्यक हुआ तो मतदान 27 फरवरी को होगा तथा उसी दिन वोटों की गिनती की जाएगी ।
बिहार से राज्यसभा की छह सीटों का कार्यकाल 02 अप्रैल को समाप्त हो रहा है, जिसमें जदयू और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की दो-दो तथा भाजपा और कांग्रेस की एक-एक सीट शामिल है। जिन सांसदों का मौजूदा कार्यकाल समाप्त होगा उनमें वशिष्ठ नारायण सिंह और अनिल हेगड़े (जदयू), सुशील कुमार मोदी (भाजपा), मनोज कुमार झा और अशफाक करीम (राजद) और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह शामिल हैं।
बिहार में 243 सदस्यीय विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास कुल 128 विधायक हैं। संख्या बल के हिसाब से राजग के तीन उम्मीदवार आसानी से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो जाएंगे। वहीं, राजद, कांग्रेस और तीन वाम दलों वाला महागठबंधन भी तीन सीटें जीत सकता है।...////...