भारत और श्रीलंका के बीच सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति’ शुरू
16-Nov-2023 06:18 PM 4437
नयी दिल्ली 16 नवम्बर (संवाददाता) भारत और श्रीलंका के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास “ मित्र शक्ति-2023” का नौवां संस्करण गुरूवार को पुणे के औंध में शुरू हुआ। दोनों देशों की सैन्य टुकडि़यां 16 से 29 नवंबर तक अभ्यास करेंगी।अभ्यास में भारतीय टुकड़ी का प्रतिनिधित्व मुख्य रूप से मराठा लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट के 120 सैनिकों द्वारा किया जा रहा है। श्रीलंकाई पक्ष का प्रतिनिधित्व 53 इन्फैंट्री डिवीजन के सैनिकों द्वारा किया जा रहा है। भारतीय वायु सेना के 15 सैनिक और श्रीलंकाई वायु सेना के पांच सैनिक भी अभ्यास में भाग ले रहे हैं। इसका आयोजन संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय सात के तहत संयुक्त रूप से पूर्वाभ्यास के लिए किया गया है। अभ्यास के दायरे में आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान परस्पर तालमेल बैठाना भी है। दोनों पक्ष छापेमारी, खोज और मिशन को नष्ट करने, हेलिबोर्न ऑपरेशन आदि जैसी सामरिक कार्रवाइयों का अभ्यास करेंगे। इसके अलावा, आर्मी मार्शल आर्ट्स रूटीन (एएमएआर), कॉम्बैट रिफ्लेक्स शूटिंग और योग भी अभ्यास का हिस्सा हिस्सा रहेगा। सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति’ - 2023 में हेलीकॉप्टरों के अलावा ड्रोन और मानव रहित हवाई प्रणालियों का उपयोग भी किया जायेगा। आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान हेलीपैडों को सुरक्षित करने और हताहतों को निकालने का भी दोनों पक्षों द्वारा संयुक्त रूप से अभ्यास किया जाएगा। दोनों पक्ष युद्ध कौशल के व्यापक दायरे में संयुक्त अभ्यास के दृष्टिकोण पक्ष और कार्य प्रणालियों का आदान-प्रदान करेंगे जो प्रतिभागियों को एक-दूसरे से सीखने की सुविधा प्रदान करेगा। सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों को साझा करने से भारतीय सेना और श्रीलंकाई सेना के बीच रक्षा सहयोग का स्तर और बढ़ेगा। यह अभ्यास दोनों पड़ोसी देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को भी बढ़ावा देगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^