03-Aug-2025 10:34 PM
6549
अलवर, 03 अगस्त (संवाददाता) केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में हुई बहस के दौरान कांग्रेस का रुख नकारात्मक ही रहा जबकि देश ऑपरेशन सिंदूर के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय सेनाओं के साथ खड़ा है।
श्री यादव रविवार को राजस्थान में अलवर के थानागाजी क्षेत्र में स्थित उदयनाथ आश्रम में वन विहार एवं पौधारोपण कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि पहले पाकिस्तान द्वारा कभी दिल्ली में, कभी मुंबई में, कभी जयपुर में, बम विस्फोट किये किये। उस समय हम पाकिस्तान को फोटो भेजा करते थे लेकिन अब हम गोले भेजते हैं।
उन्होंने कहा कि जब देश आजाद हुआ था उस समय 1200 राजनीतिक दलों का पंजीकरण हुआ था। उस समय पंचायत से लेकर संसद तक केवल एक पार्टी कांग्रेस होती थी। वर्ष 1952 के चुनाव में हमारी पार्टी को केवल तीन सीटें मिली थीं।
श्री यादव ने कहा कि आपातकाल के दौर में जनसंघ के कार्यकर्ताओं के साथ बहुत अन्याय किये गए। कई यातनाएं दी गयीं और लालच देकर उन्हें अपने साथ विलय करने की कोशिश की गई। इतनी यातनाओं और वेदनाओं को सहकर भी लोगों ने राष्ट्रीय राजनीतिक विचार को आगे बढ़ाने के संकल्प को नहीं छोड़ा। यह भाजपा की विचार यात्रा थी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के अध्यक्ष ने अपना बलिदान कश्मीर में भारत की एकता के लिए दिया। 70 वर्ष बाद भाजपा केंद्र में सत्ता में आई और कश्मीर से धारा 370 समाप्त करके देश को एक करने का काम किया। किसने कल्पना की थी कि 500 वर्ष पहले इस देश के मंदिर को इसलिए तोड़ा गया कि वह देश के लोगों का आराध्य था। मंदिर बनाने के लिए हम न्यायालय में जीते फिर सत्ता में आने पर 500 वर्ष बाद राम मंदिर भी स्थापित किया।
राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अलवर को एक ऐसा प्रतिनिधि दिया है जिनसे केवल राजस्थानी ही नहीं बल्कि संपूर्ण भारत सीख रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने का काम केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के द्वारा किया जा रहा है, राजस्थान में 2003 में भाजपा की सरकार को बनाने मैं भी भूपेंद्र यादव की अहम भूमिका रही।...////...