भारतीय समुदाय भारत-नीदरलैंड के बीच बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभः कोविंद
07-Apr-2022 10:30 PM 2884
नयी दिल्ली, 07 अप्रैल (AGENCY) राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि भारतीय समुदाय भारत-नीदरलैंड के बीच बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है और न केवल भारत व नीदरलैंड बल्कि भारत और यूरोप के बीच एक सेतु का काम करता है। श्री कोविंद ने नीदरलैंड में भारत की राजदूत रीनत संधू द्वारा बुधवार को एम्स्टर्डम में आयोजित स्वागत समारोह में भारतीय समुदाय के सदस्यों और भारत के मित्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज यूरोप के मुख्य भूभाग नीदरलैंड में भारतीय समुदाय सबसे बड़ा भारतीय मूल का प्रवासी है, जिसमें हिन्दुस्तानी-सूरीनामी समुदाय के दो लाख (200,000) से अधिक सदस्य हैं और 60,000 से अधिक भारतीय पेशेवर व छात्र रहते हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले साढ़े सात दशकों में भारत और नीदरलैंड के बीच द्विपक्षीय व्यापार व निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अब भारत में नीदरलैंड तीसरा सबसे बड़ा निवेशक है। इसी तरह भारत भी नीदरलैंड में शीर्ष निवेशकों के रूप में उभर रहा है। नीदरलैंड जल प्रबंधन और वैज्ञानिक जानकारी में अग्रणी है। इस क्षेत्र में दोनों पक्ष कई संयुक्त परियोजनाओं को लागू करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। कृषि, स्वास्थ्य, बंदरगाह और जहाजरानी, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, उच्च शिक्षा और शहरी विकास को सहयोग के अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया गया है। राष्ट्रपति ने कहा कि नीदरलैंड में भारतीय पेशेवरों ने बहुत अच्छा काम किया है। उद्यमियों, डॉक्टरों, बैंकरों और तकनीकी विशेषज्ञों के रूप में वे बड़े पैमाने पर डच समाज और अर्थव्यवस्था के साथ-साथ वैश्विक समुदाय के लिए अत्यधिक मूल्यवान साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धियों और सफलता पर भारत को गर्व है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^