भजनलाल ने शाह सहित कई केन्द्रीय मंत्रियों के साथ की चर्चा
24-Jul-2024 11:45 PM 9151
नई दिल्ली, 24 जुलाई (संवाददाता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने बुधवार को यहां केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा की। श्री शर्मा ने श्री शाह से उनके राजकीय आवास पर शिष्टाचार भेंट की । इस अवसर पर उन्हें सरकार द्वारा राजस्थान के सर्वांगीण एवं चहुंमुखी विकास की दिशा में किए जा रहे लोक कल्याणकारी कार्यों से अवगत कराया। श्री शर्मा ने संसद भवन में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल से भेंट कर उन्हें राजस्थान में जल जीवन मिशन तथा “पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना“ (ईआरसीपी) की वर्तमान प्रगति एवं क्रियान्वयन के विषय में विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय उपभोक्ता, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने केन्द्रीय मंत्री के साथ प्रदेश की विकास योजनाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की। श्री शर्मा ने केंद्रीय ऊर्जा एवं हाउसिंग और अर्बन अफेयर्स मंत्री मनोहर लाल खट्टर से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री के साथ राजस्थान प्रदेश की प्रगति एवं विद्युत क्षेत्र में ऊर्जा के नवीन स्रोतों के विकास, आधुनिकीकरण तथा नूतन तकनीकी के समावेश सहित विविध महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^