भूपेश ने चारामा को दी 183 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात
24-Apr-2022 08:58 PM 5625
कांकेर 24 अप्रैल(AGENCY)छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज जिले के चारामा में आयोजित राजीव मितान क्लब सदस्य एवं महिला शक्ति सम्मेलन में 183 करोड़ 06 लाख रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर विकास कार्यों की सौगात दी। श्री बघेल ने इस मौके पर लोगो को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाएं- सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा इत्यादि मुहैया कराने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। कुपोषण दूर करने के लिए बच्चों एवं माताओं को गर्म भोजन प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना से हाट-बाजारों में मरीजों को उपचार मिल रहा है, इसकी शुरूआत बस्तर संभाग से हुई थी, जिसे पूरे राज्य में क्रियान्वित किया गया है। मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान के भी सार्थक परिणाम मिले हैं, इससे उल्टी-दस्त, मलेरिया के प्रकरण में उल्लेखनीय कमी पाई गई है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सस्ते दर पर ब्रान्डेड दवाई उपलब्ध कराने के लिए श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स खोले गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के बाद अब जिलों में उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांकेर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना बड़ी उपलब्धि है, यहां डॉक्टरों की कमी नहीं होने दी जायेगी। श्री बघेल ने कहा कि हमारी सरकार किसान हितैषी है, किसानों के कर्ज माफ किये गये, किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य दिया जा रहा है। कोदो-कुटकी के भी समर्थन मूल्य तीन हजार रूपए प्रति क्विंटल घोषित किये गये हैं। राजीव गांधी किसान न्याय योजनांतर्गत किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। गोधन न्याय योजना के तहत दो रूपए किलो में गोबर की खरीदी की जा रही है, इस योजना को देश के अन्य राज्य भी अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोबर से वर्मी कम्पोस्ट बनाये जा रहे हैं, जो रासायनिक खाद का विकल्प बनेगा। इस साल 20 लाख मीट्रिक टन वर्मी कम्पोस्ट तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि राजीव मितान क्लब को प्रत्येक साल एक लाख रूपए की सहायता प्रदान किया जा रहा है, इन क्लबों के माध्यम से खेलकूद, तीज-त्यौहार इत्यादि गतिविधियों का आयोजन कर संस्कृति के संरक्षण का कार्य किया जायेगा, क्लब को शासकीय योजनाओं एवं रोजगार से संबंधित जानकारी भी दी जायेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^