भ्रष्ट राजनीतिक दल भाजपा की साख मिटाने की साजिश रच रहे हैं: मोदी
28-Mar-2023 10:06 PM 4275
नयी दिल्ली 28 मार्च (संवाददाता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि भारत के विकास को रोकने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को निशाना बनाया जा रहा है और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में फंसे राजनीतिक दल भाजपा की विश्वसनीयता को मिटाने की साजिश रच रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि इस साजिश का मुकाबला करने के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं को अपने शब्दकोश से 2047 तक आराम का शब्द बाहर रखना होगा और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए भ्रष्टाचार एवं भाई भतीजावाद से लड़ने और विकास के लिए अथक परिश्रम के लिए तैयार होना होगा। श्री मोदी ने यहां दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय परिसर के विस्तारित भवनों के उद्घाटन अवसर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह बात कही। पार्टी के विस्तारित भवन में बने एक विशाल सभागार में आयोजित इस समारोह में भाजपा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी, श्री नितिन गडकरी और श्री अमित शाह उपस्थित थे। प्रधानमंत्री का यहां पहुंचने पर भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उनका स्वागत किया। श्री मोदी ने सबसे पहले विस्तारित भवन परिसर का अवलोकन किया और के निर्माण कार्य में सहयोग देने वाले कर्मियों से मुलाकात की। समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, केन्द्रीय मंत्रीगण, सांसद एवं अन्य प्रमुख नेता भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। इसके बाद श्री मोदी ने कार्यालय परिसर के भूमिपूजन कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यालय परिसर के लिए कल शाम से ही अनुष्ठान आरंभ हो गया था। गणपति हवन, वास्तु हवन, चंडी हवन, नवग्रह पूजन एवं सत्यनारायण पूजन एवं हवन आदि अनुष्ठान संपन्न हुए। श्री मोदी ने अपने संबोधन में सबसे पहले देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि वह जब 2018 में कार्यालय का लोकार्पण करने आये थे, तो उन्होंने कहा था कि इस कार्यालय की आत्मा हमारा कार्यकर्ता है। इस कार्यालय का विस्तार एक केवल भवन का विस्तार नहीं है, बल्कि ये प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के सपनों का विस्तार है। उन्होंने कहा, “मैं पार्टी के कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं के चरणों में प्रणाम करता हूं। मैं पार्टी के सभी संस्थापक सदस्यों का भी सिर झुकाकर नमन करता हूं।” उन्होंने कहा कि आज से कुछ दिन बाद हमारी पार्टी अपना 44वां स्थापना दिवस मनाएगी। ये यात्रा एक अनथक और अनवरत यात्रा है, ये यात्रा परिश्रम की पराकाष्ठा की यात्रा है, ये यात्रा समर्पण और संकल्पों की शिखर की यात्रा है, ये यात्रा विचार और विचारधारा के विस्तार की यात्रा है। उन्होंने कहा कि 1984 के दंगों के बाद हुए चुनावों में कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत मिला। यह भावनात्मक रूप से आवेशित वातावरण था और उस तूफान में हम लगभग मिटा दिए गए थे। हालांकि, हमने कभी उम्मीद नहीं खोई। हमने जमीन पर काम किया और अपने संगठन को मजबूत किया। भारत की लंबाई और चौड़ाई में, भाजपा एकमात्र अखिल भारतीय राजनीतिक दल है। परिवार संचालित राजनीतिक दलों में भाजपा एक ऐसा राजनीतिक दल है जो युवाओं को अवसर देता है। हमें भारत की महिलाओं का आशीर्वाद प्राप्त है। श्री मोदी ने कहा कि आज कई राज्यों में भाजपा को 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिलते हैं। आज उत्तर से दक्षिण तक.. पूरब से पश्चिम तक, भाजपा एकमात्र अखिल भारतीय पार्टी है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा केवल विश्व की सबसे बड़ी पार्टी नहीं है, बल्कि भाजपा भारत की सबसे भविष्योन्मुखी पार्टी है। हमारा एक ही लक्ष्य है- भविष्य के आधुनिक और विकसित भारत का निर्माण करना। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के लोगों ने भाजपा में अभूतपूर्व विश्वास दिखाया है। आज पूर्वोत्तर राज्यों में भाजपा के चार मुख्यमंत्री हैं और अन्य दो राज्यों में हमारी गठबंधन सरकार है। इस सफलता का श्रेय निस्संदेह भाजपा के कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव लड़ने और जीतने तक ही सीमित नहीं है बल्कि भाजपा एक व्यवस्था है, एक विचार है, एक संगठन है और एक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहली ऐसी पार्टी है, जिसने पार्टी की व्यवस्था में संवैधानिक रूप से महिलाओं के लिए पद की व्यवस्था की है। भाजपा पहली ऐसी पार्टी है, जो अपने कार्यकर्ताओं को नए अवसर देने के लिए निरंतर तत्पर रहती है। श्री मोदी ने कहा कि आज भाजपा की सरकारें आकांक्षाओं, विकास और प्रगति की पर्याय बन रही हैं। यह भाजपा का 'शासन का ब्रांड' है। हमारे संवैधानिक संस्थान हमारी नींव हैं, और इसलिए भारत के विकास को रोकने के लिए हमारी नींव को ही निशाना बनाया जा रहा है और बदनाम किया जा रहा है। हमारे संस्थानों की विश्वसनीयता खत्म करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले 9 वर्षों में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक अभियान चलाया, जिसने भ्रष्टाचारियों और भ्रष्टाचारियों को झकझोर कर रख दिया है। भाजपा जब भी सत्ता में आती है तो भ्रष्टाचार को तगड़ा झटका देती है। उन्होंने कहा कि आज भारत को रोकने के लिए इस नींव पर चोट की जा रही है। जो लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उन पर जब एजेंसियां कार्रवाई करती हैं तो एजेंसियों पर हमला किया जाता है। जब अदालत कोई फैसला सुनाती है तो अदालत पर सवाल उठाया जाता है। कुछ दलों ने मिलकर भ्रष्टाचारी बचाओ अभियान छेड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता कभी कहा करते थे- जनसंघ को जड़ से उखाड़ कर फेंक देंगे। आज की कांग्रेस कहती है- मोदी तेरी कब्र खुदेगी। जनसंघ और भाजपा को मिटाने की अनेक बार कोशिशें हुईं, लेकिन वो पूरी तरह नाकाम रहे। श्री मोदी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए आने वाले 25 साल बहुत कठिन एवं अथक परिश्रम के हैं। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इस रास्ते पर चलने के लिए भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद से लड़ना है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^