बिहार विधानमंडल की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित
10-Jul-2023 06:34 PM 4781
पटना 10 जुलाई (संवाददाता) बिहार विधानमंडल के मॉनसून सत्र के पहले दिन आज दोनों सदनों में दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देने के बाद कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गयी। विधान परिषद और विधानसभा में पीठासीन अधिकारियों के नामों की घोषणा की गई। साथ ही इस सत्र के लिए दोनों सदनों में अलग-अलग कार्य मंत्राणा समितियों का गठन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने सदन के सदस्यों का स्वागत करते हुए उनसे सदन के सुचारु संचालन में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सदस्यों से अपेक्षा की जाती है कि वे सदन के निर्धारित नियमों और विनियमों के अनुसार अपने मुद्दे उठाएंगे। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सदस्यों ने अपनी सीटों से जमीन के बदले नौकरी घोटाले में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के खिलाफ दायर आरोप पत्र के मद्देनजर या तो उनके इस्तीफा देने या उन्हें बर्खास्त किए जाने की मांग की। विधान परिषद के सभापति देवेशचंद्र ठाकुर ने उच्च सदन के सदस्यों का स्वागत करते हुए उनसे गौरवशाली अतीत वाले सदन के सुचारु संचालन में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने वर्ष 2022 में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में बिहार की इशिता किशोर और गरिमा लोहिया को पहली और दूसरी रैंक लाने पर बधाई दी । श्री ठाकुर ने बताया कि बिहार के बेगूसराय के प्रियांश ने 21 वर्ष से कम आयु की विश्व युवा तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विश्व चैंपियन का खिताब जीता है। भारतीय दल ने 05 (पांच) स्वर्ण पदक सहित कुल 09 पदक जीतकर पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने उपलब्धि हासिल करने वालों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने सर्वोच्च पदक जीतकर न केवल बिहार को गौरवान्वित किया है बल्कि देश का गौरव भी बढ़ाया है। बाद में दोनों सदनों में पूर्व विधायक गायत्री देवी और शोभाकांत मंडल, पूर्व विधान पार्षद सोने लाल मेहता और पुनेश्वर मंडल के साथ ही बालासोर ट्रेन त्रासदी में अपनी जान गंवाने वाले लोगों को अलग-अलग श्रद्धांजलि दी गई।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^