बुधवार को देश और दुनिया में धूमधाम से मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
20-Jun-2023 11:01 PM 5519
नयी दिल्ली 20 जून (संवाददाता) वसुधैव कुटुंबकम के लिए योग की थीम के साथ बुधवार को नौवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवन मनाया जाएगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय आयोजित समारोह में भाग लेंगे। यहां पर श्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया के 180 देशों के प्रतनिधि योगासन करेंगे। इसके लिए प्रधानमंत्री तीन दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। भारत और दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों योग से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस साल के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम वसुधैव कुटुंबकम के लिए योग है। इससे पहले 2022 में योग दिवस की थीम सब साथ में मिलकर योग करें, 2021 की थीम 'कल्याण के लिए योग', 2020 की थीम 'घर पर योग और परिवार के साथ योग', 2019 की थीम ‘हृदय के लिए योग’थी। वहीं 2018 का विषय ‘शांति के लिए योग’, 2017 का विषय ‘स्वास्थ्य के लिए योग’ था। इसी तरह से 2016 की थीम “युवाओं को जोड़ो” और 2015 की थीम ‘सद्भाव और शांति के लिए योग’थी। अमेरिका रवाना होने से पहले श्री मोदी ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका और भारत के संबंध लोकतंत्र , विविधता और स्वतंत्रता जैसे साझा मूल्यों पर आधारित है और उनकी इस यात्रा से ये संबंध और मजबूत बनेंगे। उन्होंने कहा कि हम मिलकर साझा वैश्विक चुनौतियों का मजबूती से सामना कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के संबंध बहुआयामी हैं और दोनों दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं । उन्होंने कहा कि वस्तु और सेवा क्षेत्र में अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य , रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में भी हमारे बीच अच्छा सहयोग है । महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में की गई पहल से हमारे संबंधों में नए आयाम जुड़े हैं तथा हमारे बीच सहयोग अब रक्षा उद्योग, अंतरिक्ष, दूरसंचार, क्वांटम , कृत्रिम बुद्धिमत्ता और जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों तक बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों देश मुक्त, खुले, और समावेशी हिंद प्रशांत क्षेत्र के साझा विजन पर भी सहयोग कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडेन और अमेरिका के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी बातचीत द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने तथा जी 20, क्वाड और अन्य बहुपक्षीय मंचों में साझेदारी को मजबूत बनाने का अच्छा अवसर होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला डॉक्टर जिल बाइडन के निमंत्रण पर राजकीय यात्रा पर अमेरिका जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस विशेष निमंत्रण से दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच साझेदारी की प्रगाढ़ता का पता चलता है। उन्होंने कहा कि 21 जून को वह योग दिवस पर संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित योग समारोह में अंतरराष्ट्रीय समुदाय की बड़ी हस्तियों के साथ हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिका यात्रा के दौरान वह अमेरिकी संसद को भी संबोधित करेंगे। गौरतलब है कि पंचांग के अनुसार 21 जून को उत्तरी गोलार्द्ध का सबसे लंबा दिन होता है, जिसे ग्रीष्म संक्रांति कहते हैं। इस दिन के बाद सूर्य दक्षिणायन होता है और सूर्य का तेज कम हो जाता है, जिससे वातावरण अशुद्ध हो जाता है। कीटाणु उत्पन्न होने लगते हैं, रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। ऐसे में अध्यात्मिक सिद्धियों को प्राप्त करने और तन-मन को स्वस्थ रखने के लिए हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाते हैं। शिव को ‘आदि योगी’ माना जाता है यानी भगवान शिव योग के जनक हैं। वेदों के अनुसार योग जीवात्मा और परमात्मा का मिलन है। योग अहंकार का विनाश करता है। जिस पल चित की वृत्तियां समाप्त हो जाएं, तब योग का एक कण प्रारंभ होता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 2015 में हुई थी। तब से हर साल संक्रमण से लड़ने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से योग दिवस मनाया जाता है। हर साल योग दिवस आयोजन के लिए एक थीम रखी जाती है। इस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2023 की थीम है 'वैसुधैव कुटुंबकम के लिए योग’।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^