चार दिन से लापता भारतीय छात्रा कनाडा में मृत मिली
29-Apr-2025 03:36 PM 1681
ओटावा, 29 अप्रैल (संवाददाता) कनाडा में अध्ययन के लिए गयी भारतीय छात्रा वंशिका कनाडा के ओटावा में रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पायी गयी है। ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने इसकी पुष्टि की है। उच्चायोग ने कहा, “हमें ओटावा में भारतीय छात्रा सुश्री वंशिका की मौत की सूचना मिलने पर बहुत दुख हुआ है। मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है और स्थानीय पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। हम शोक संतप्त परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए उनके और स्थानीय सामुदायिक संघों के साथ निकट संपर्क में हैं।” स्थानीय पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पंजाब के डेरा बस्सी की मूल निवासी और आम आदमी पार्टी नेता देविंदर सिंह की बेटी वंशिका कथित तौर पर डिप्लोमा कोर्स करने के लिए ढाई साल पहले ओटावा गयी थी। वह 25 अप्रैल को एक किराये के कमरे को देखने के लिए निकली थी, और उसके बाद लापता हो गयी थी। ओटावा में हिंदी समुदाय की ओर से ओटावा पुलिस सेवा को लिखे गए एक पत्र के अनुसार वंशिका कथित तौर पर 25 अप्रैल को लापता हो गयी थी, जब वह 07 मैजेस्टिक ड्राइव स्थित अपने घर से लगभग 8-9 बजे किराये का कमरा देखने के लिए अपने घर से निकली थी। उसका फोन उसी रात लगभग 11:40 बजे बंद हो गया था। वंशिका का फोन लगातार बंद रहने के कारण परिवार चिंतित हो गया। उसने अगले दिन एक महत्वपूर्ण परीक्षा भी छोड़ दी थी, जो उसके स्वभाव के बिल्कुल विपरीत था। परिवार और दोस्तों के काफी प्रयास के बावजूद उसके ठिकाने के बारे में कोई संपर्क या जानकारी नहीं मिल पायी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वंशिका का शव समुद्र तट पर पाया गया। मौत का कारण अनिश्चित है और जांच की जा रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^