02-Dec-2024 10:35 PM
5810
तिरुवन्नामलाई (तमिलनाडु) 02 दिसंबर (संवाददाता) तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई में बचाव कर्मियों ने सोमवार शाम को अन्नामलाईयार पहाड़ियों की निचली ढलान पर स्थित एक घर में भूस्खलन में फंसे पांच लोगों के शव बरामद किए जबकि कथित तौर पर लापता दो अन्य लोगों की तलाश के लिए गहन तलाशी अभियान जारी है।
यह त्रासदी रविवार शाम को हुई। चक्रवात फेंगल के कारण तिरुवन्नामलाई जिले में हुई भारी बारिश के बाद वीओसी नगर में 11वीं स्ट्रीट पर स्थित एक घर भूस्खलन में दब गया। भूस्खलन में राजकुमार (32), पत्नी मीना (26), बच्चे गौतम (9) इनिया (7) और उनके रिश्तेदार महा (12), विनोदिनी (14) और राम्या (12) के रूप में पहचाने गए सात लोग कथित तौर पर भूस्खलन के बाद घर के अंदर फंस गए थे। उस क्षेत्र में कई घर और दोपहिया वाहन या तो क्षतिग्रस्त हो गए या आंशिक रूप से मलबे के नीचे दब गए।
पड़ोसियों द्वारा सूचित किए जाने पर पुलिस और तमिलनाडु अग्निशमन एवं बचाव सेवा विभाग के कर्मियों सहित बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और फंसे हुए लोगों को बचाने का प्रयास किया। लगातार भारी बारिश के कारण बचाव अभियान में बाधा उत्पन्न हुई इसके अलावा एक बड़ा पत्थर ढलान से नीचे गिरने के कगार पर था।
आज सुबह बचाव अभियान शुरू हुआ जिसमें एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, तमिलनाडु अग्निशमन एवं बचाव सेवा और पुलिस के कर्मी शामिल थे। घर बड़े पत्थरों, मिट्टी और मलबे के नीचे दबा हुआ था तो एक जेसीबी को काम पर लगाया गया। बचाव कर्मियों ने 18 घंटे के गहन बचाव अभियान के बाद पांच लोगों के शव निकाले और पांच अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।
तमिलनाडु के लोक निर्माण मंत्री ई वी वेलु और जिला कलेक्टर डी.भास्कर पांडियन ने बचाव अभियान की निगरानी की।
इस बीच अन्नामलाईयार पहाड़ी की तलहटी में तनाव व्याप्त हो गया। रविवार को जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ था उससे कुछ ही मीटर की दूरी पर एक और भूस्खलन की खबर मिली है।...////...