23-Aug-2023 03:47 PM
7899
नयी दिल्ली 23 अगस्त (संवाददाता) चन्द्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग के लिए बुधवार को राजधानी में संत नगर के आर्यसमाज मंदिर में बृहद यज्ञ का आयोजन हुआ।
यज्ञोपरांत बोलते हुए विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि इस प्रात: कालीन यज्ञ में पवित्र वेद मंत्रों के माध्यम से आहुतियां लगाकर हमने ईश्वर से चंद्रयान की चहुँमुखी सफलता के लिए प्रार्थना की तथा सभी वैज्ञानिकों एवं देशवासियों के साथ भारत सरकार को भी इस हेतु हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर यज्ञ की ब्रह्मा एवं आर्यसमाज संतनगर की संरक्षिका वैदिक विदुषी विमलेश बंसल ने कहा कि हमारा अटूट विश्वास है कि वेदों के विशेष मंत्रों के साथ शुद्ध सात्विक मन से की गई हमारी इस सामूहिक यज्ञ प्रार्थना को परम पिता परमेश्वर अवश्य सुनेंगे।
श्री बंसल ने आगे बताया कि हमें इस बात पर गर्व है कि इस अभियान की सफलता के साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला विश्व का पहला देश बन जाएगा। सभी 140 करोड़ देशवासियों के साथ सम्पूर्ण विश्व आज आतुरता के साथ उस अनुपम एवं गौरवशाली पल को निहारने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। हमारा सौभाग्य है कि हमारे विद्वान एवं ऋषि तुल्य वैज्ञानिकों ने हम सबके लिए इस पल को लाइव (सीधा प्रसारण) दिखाने का विशेष प्रबंध किया है। लगता है कि अब ‘चंदा मामा दूर के..’ वाली कहावत को हमारे वैज्ञानिक चलता करने वाले हैं। चंद्रमा के जिस दक्षिणी ध्रुव पर आज तक कोई जीव जंतु तक नहीं मिला, वहाँ हमारा तिरंगा लहराएगा। इस अभियान में प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से सामिल सभी वैज्ञानिक साधुवाद के पात्र हैं। उनके अथक परिश्रम को नमन...।
कार्यक्रम में आर्य समाज संत नगर के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सूद और वरिष्ठ सदस्य डॉ वरुण कुमार, अरुण होरा, श्रीमती रुचि, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह-नगर कार्यवाह संजय सिकरिया, टेकराज, अनिल शर्मा, छोटे लाल एवं नन्हें मुन्ने मास्टर केशव के अतिरिक्त अनेक गणमान्य देश भक्त उपस्थित रहे।...////...