23-Aug-2023 09:20 PM
3906
नयी दिल्ली, 23 अगस्त (संवाददाता) उद्योग व्यापार जगत के लोगों ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर बुधवार को वैज्ञानिकों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी।
टाटा सन्स के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने ट्वीट किया, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इसरो की टीम को बधाई! यह सफलता आने वाली कई पीढ़ियों को प्रेरणा दी गयी।“
पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा ने भारतीय अंतरिक्ष मॉड्यूल विक्रम के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने की सफलता पर ट्वीट किया, “नमन करता हूं!“
अंतरिक्ष उद्योग क्षेत्र में काम करने वाली निजी क्षेत्र की कंपनियों के संगठन इंडियन स्पेस एसोसिएशन (इस्पा) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल एके भट्ट (सेवानिवृत्त) ने एक बयान में कहा, “हम चंद्रय़ान की सफलता पर इसरो को शाबाशी देते हैं। यह सफलता अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में भारत के सशक्त उत्साह और इस क्षेत्र में हमारी शक्ति को प्रदर्शित करता है। चांद पर उतरने की यह कामयाबी दर्शाती है कि भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में क्या कुछ कर सकता है? और इससे भारत इस तरह की उपलब्धि हासिल करने वाले कुछ गिने-चुने देशों में आ गया है।”
श्री भट्ट ने कहा कि यह भारत में निजी क्षेत्र के उद्मियों के लिए अंतरिक्ष उद्योग में उत्साहजनक अवसरों की शुरुआत है। इससे न केवल चंद्रमा से जुड़े अंतरिक्षीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि यह एक बड़े परिवर्तन का भी संकेत है।
देश में इंजीनियरिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एल एंड टी के मुख्य अधिशासी एवं प्रबंध निदेशक एस एन सुब्रह्मण्यम ने इसरो और समस्त भारतीय वैज्ञानिक समुदाय को बधाई देते हुए कहा, "इसरो के साथ हमारी पांच दशकों की यात्रा नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के हमारे अथक प्रयास का प्रतीक है। आज की उपलब्धि अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत की शक्ति का प्रमाण है और यह दर्शाता है कि भारत विश्व में अपने लिए एक विशिष्ट स्थान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।"
श्री सुब्रह्मण्यम ने कहा, कि इस महाभियान का हिस्सा होने पर हमें अत्यंत गर्व है। उल्लेखनीय है कि एलएनटी इसरो की परियोजनाओं में योगदान करती रहती है।
राइट रिसर्च की संस्थापक और स्मालकेस मैनेजर सोनम श्रीवास्तव ने चंद्रयान के चांद पर पहुंचने से पहले एक बयान में कहा, "यह मिशन भारत के लिए दीर्घकालिक लाभ का अभियान है और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत की महत्वाकांक्षाओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।"
चंद्रयान3 के लैंडर को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने के प्रसारण को करोड़ों लोगों ने देखा।...////...