मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार जन कल्याण के लिए कटिबद्ध है। संकल्प पत्र का पालन करते हुए सभी बिंदुओं पर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव छिंदवाड़ा में 131.49 करोड़ रुपए की लागत की विभिन्न परियोजनाओं और प्रकल्पों के शिलान्यास एवं भूमि पूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि एक समय था जब मध्यप्रदेश की हालत बहुत खराब थी। बुनियादी सुविधाएं भी जनता को उपलब्ध नहीं थीं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के सक्षम नेतृत्व में प्रदेश का विकास हो रहा है। देश के 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। मध्यप्रदेश को विशेष लाभ मिला है।