छिंदवाड़ा के लिए आज ऐतिहासिक दिन, मुख्यमंत्री ने दी विकास की सौगात: शर्मा
24-Aug-2023 08:16 PM 2628
भोपाल, 24 अगस्त (संवाददाता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि आज छिंदवाड़ा के लिए ऐतिहासिक दिन है, विकास की सौगातों से भरा दिन है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सैकड़ों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट छिंदवाड़ा जिले को दिए हैं। श्री शर्मा ने यह बात आज श्री चौहान द्वारा छिंदवाड़ा जिले को दी गई विकास कार्यों की सौगातों पर उनका आभार जताते हुए कही। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को जनता को यह जवाब देना चाहिए कि उन्होंने मध्यप्रदेश और छिंदवाड़ा को छल और धोखे के अलावा क्या दिया। श्री कमलनाथ वर्षों तक केंद्रीय मंत्री रहे, कई दशकों तक केंद्र और राज्य में उनकी सरकारें रहीं, लेकिन उन्होंने हमेशा छिंदवाड़ा की जनता से झूठे वादे किए। छिंदवाड़ा में विकास का काम भाजपा ने ही किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विकास के जिस छिंदवाड़ा मॉडल की श्री कमलनाथ बात करते हैं, वो 20 सालों में भाजपा की सरकारों द्वारा यहां किए गए परिश्रम का प्रतिफल है। श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज 848 करोड़ की जिस माचागोरा समूह जल प्रदाय योजना का शुभारंभ किया है, उससे जिले के 7 विकासखंडों के 711 गांवों को लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने आज 69.21 करोड़ लागत वाले नगर निगम के विकास कार्य, 45.18 करोड़ लागत वाली दो सड़कों के निर्माण कार्य, 258.75 करोड़ की लागत वाले तीस विकास कार्य, 146.86 करोड़ की लागत वाले मोहगांव एवं डोला नाला जलाशय संबंधित कार्य तथा 51.88 लाख रुपये लागत वाली 10 सड़कों के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^