देश की कार्यसंस्कृति, सरकार की कार्यशैली बदली: नड्डा
30-May-2022 10:54 PM 7347
नयी दिल्ली, 30 मई (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की आठवीं वर्षगांठ पर आज कहा कि बीते आठ साल में ना केवल सरकार की कार्यशैली बल्कि देश की राजनीति की कार्यसंस्कृति बदल गयी है और देश आगे बढ़ कर फैसले कर रहा है। श्री नड्डा ने पार्टी के मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विगत 8 वर्षों में देश के हर क्षेत्र में हुई प्रगति की अनंत यात्रा को रेखांकित किया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्र सरकार में शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, महिला एवं बाल कल्याण मंत्री स्मृति ईरानी, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी और पार्टी के राष्ट्रीय सह-प्रमुख डॉ संजय मयूख भी उपस्थित थे। इस मौके पर श्री नड्डा ने एक विकास गीत का लोकार्पण किया और नरेन्द्र मोदी मोबाइल ऐप के अपडेटेड संस्करण का भी लिंक पर क्लिक करके जारी किया जिसमें मोदी सरकार के 8 साल की विकास यात्रा को रेखांकित करते हुए एक स्पेशल मॉड्यूल जोड़ा गया है। संवाददाता सम्मेलन के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा में श्री नड्डा के साथ ही गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। श्री नड्डा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार के 8 सफल वर्ष पूरे हो रहे हैं। आठ वर्षों की यह यात्रा जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के दंश से ग्रसित देश की राजनीति पर विकासवाद की जीत की अविरल यात्रा है। यह देश के लोकतंत्र को मजबूती देते हुए गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं एवं समाज में हाशिये पर खड़े हर व्यक्ति के सशक्तिकरण एवं उनके जीवन में उत्थान लाने की यात्रा है। पहले देश में एक सामान्य सोच थी कि ‘इस देश का कुछ भी नहीं हो सकता', अब आम जनमानस में यह धारणा बनी है कि 'मोदी है तो मुमकिन है।' 8 साल की यह यात्रा देश की सोच को बदलने की यात्रा है। 8 वर्ष की ये यात्रा आत्मनिर्भर भारत की ‘संकल्प से सिद्धि’ के रहे हैं। यह आत्मनिर्भर भारत देश का रास्ता भी है और संकल्प भी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पहले योजनायें कागज़ पर ही बनती थी, कागज़ पर ही क्रियान्वित होती थी और कागज़ पर ही पूर्ण भी हो जाती थी। आज जनता यह देख रही है कि जिस योजना का शिलान्यास होता है, वह योजना उसी कार्यकाल में पूरी भी होती है। बीते 8 वर्ष कागज़ से क्रियान्वयन और ‘घोषणा' से ‘क्रियान्वयन’ की यात्रा के रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में हमारा मूल मंत्र रहे हैं - सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। हमारा लक्ष्य है अंत्योदय। हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। हमारी सरकार गाँव, गरीब, किसान, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, पिछड़े, युवा, महिलाओं एवं किसानों के जीवन में उत्थान लाने के लिए कटिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आठ वर्षों में भारत की राजनीति की कार्यसंस्कृति और सरकार के कार्य करने की शैली बदल दी है। उन्होंने देश को नीतिगत पंगुता की स्थिति से निकाल कर प्रो-रेस्पोंसिव और प्रो-एक्टिव सरकार का मॉड्यूल स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में हमारा मूल मंत्र रहे हैं - सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। हमारा लक्ष्य है अंत्योदय। हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। पिछले 8 वर्षों में देश की गरीबी 22 प्रतिशत से घट कर 10 प्रतिशत से नीचे आ गई है। अत्यंत गरीबी की दर एक फीसदी से भी कम 0.8 प्रतिशत पर स्थिर बनी हुई है। पिछले 8 वर्षों में देश की प्रति व्यक्ति आय के साथ-साथ विदेशी मुद्रा भंडार भी लगभग दोगुना हुआ है। आजादी के 70 साल में देश में जितने प्राथमिक विद्यालय बने, लगभग उतने विद्यालय केवल पिछले 8 साल में बने हैं। देश में खाद्यान्न उत्पादन लगातार नया रिकार्ड बना रहा है। 2012-13 में देश में खाद्यान्न का उत्पादन 2550 लाख टन था जो 2021 में बढ़ कर 3160.6 लाख टन हो गया है। यह आजादी के बाद अब तक का रिकॉर्ड उत्पादन है। श्री नड्डा ने कहा कि कोविड जनित मंदी के बावजूद पिछले वित्त वर्ष में 418 अरब डॉलर का रिकॉर्ड निर्यात हुआ। वित्त वर्ष 2021-22 के दस महीने में भारत के कृषि निर्यात में भी 23 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तुलना में कृषि बजट भी लगभग 6 गुना बढ़ा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यकाल में देश में जितना निवेश आया है, वह कांग्रेस की संप्रग सरकार के 10 वर्षों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के मुकाबले लगभग 65 फीसदी ज्यादा है। ईज ऑफ डूइंग बिजेनस की रैंकिंग में भारत ने जबरदस्त छलांग लगाई है। अब भारत नया कारोबार आसानी से शुरू करने के मामले में दुनिया के शीर्ष पांच देशों में शामिल हो गया है। हमारी अर्थव्यवस्था तीन ट्रिलियन यानी 30 खरब डॉलर तक पहुँच गई है। हम जल्द ही देश को 5 ट्रिलियन यानी 50 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करेंगे। अब भारत ईज ऑफ लिविंग पर जोर दे रहा है। खादी के विकास के लिए आजादी के 70 सालों तक कोई काम नहीं हुआ। प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद पहली बार खादी उत्पादों ने एक साल में 1 लाख 15 हजार करोड़ रुपये का कारोबार किया है। तमाम अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक रेटिंग एजेंसियों ने भारत के विकास दर को सबसे आगे रखा है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के 8 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए जितने काम हुए, उतने आजादी के 70 सालों में भी न हुए। पिछले दो वर्षों से मोदी सरकार 3.40 लाख करोड़ रुपये की लागत से देश के लगभग 80 करोड़ लोगों तक जरूरी राशन मुफ्त पहुंचा रही है। यह दुनिया की सबसे बड़ी खाद्यान्न वितरण योजना है। मोदी सरकार के इस कदम की पूरे विश्व ने भूरि-भूरि सराहना की है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के लगभग 12 करोड़ किसानों को 10 किस्तों में अब तक लगभग 1.80 लाख करोड़ रुपये दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी कल ही शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से किसानों को किसान सम्मान निधि की 11वीं क़िस्त प्रदान करने वाले हैं। कल का कार्यक्रम देश के हर कृषि विकास केंद्र पर भी आयोजित किया जाएगा। भाजपा ने देश में लगभग 700 जगहों पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लाइव देखने की व्यवस्था की है। इन सभी 700 जगहों पर किसानों का सम्मेलन होगा। इन सम्मेलनों में केन्द्रीय मंत्री, राज्य सकारों में भाजपा के मंत्री एवं वरिष्ठ पार्टी अधिकारी शिरकत करेंगे। श्री नड्डा ने कहा कि आयुष्मान भारत के रूप में देश के लगभग 55 करोड़ लोगों को सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिल रहा है। अब तक तीन करोड़ से अधिक लोग लाभ ले चुके हैं जिस पर लगभग 23 हजार करोड़ रुपये का खर्च आया है। हर गाँव बिजली पहुँचाने के बाद मोदी सरकार ने हर घर तक बिजली पहुंचाने का बीड़ा हाथ में लिया है। सौभाग्य योजना के तहत अब तक 2 करोड़ 81 लाख से अधिक घरों में बिजली पहुंचाई जा चुकी है। इसी तरह जल जीवन मिशन के तहत मोदी सरकार अब तक 9 करोड़ से अधिक घरों में नल से जल पहुंचा चुकी है। महिलाओं को सम्मान के साथ अधिकार देते हुए स्वच्छ भारत अभियान के तहत हमारी सरकार ने लगभग 11 करोड़ शौचालयों का निर्माण किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक लगभग 2.38 करोड़ से अधिक घर गरीबों के लिए बनाये जा चुके हैं। लगभग 6 लाख गाँवों को पक्की सड़कों से जोड़ा जा चुका है। सीमावर्ती क्षेत्रों में भी लगभग 4763 किमी सड़क का निर्माण किया गया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने सेल्फ हेल्प गुप्स, कार्यस्थलों पर सुरक्षा, सेना में महिला अफसरों को स्थायी कमीशन, मुद्रा-ऋण में प्राथमिकता, बेटी बचाओ - बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, पीएम समर्थ योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना इत्यादि योजनाओं से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल की है। उन्होंने कहा कि आज अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी भारत एक महाशक्ति के रूप में प्रतिष्ठित हुआ है। अब हम मिशन चंद्रयान और मिशन मंगलयान पर काम कर रहे हैं। श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश की महान सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए प्रगति को नया आयाम दिया है। योग और आयुर्वेद को दुनिया में प्रतिष्ठित करने में उनकी महती भूमिका है। अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बन रहा है। भव्य काशी विश्वनाथ धाम और बाबा केदारनाथ धाम का पुनरुद्धार हुआ है। साथ ही, सोमनाथ, बद्री विशाल सहित भारतीय संस्कृति के हर तीर्थ-स्थलों का विकास पिछले 8 साल में हुआ है। रामायण सर्किट, महाभारत सर्किट और बुद्ध सर्किट का निर्माण हो रहा है। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी के सम्मान में स्टैच्यू ऑफ़ यूनिटी स्थापित की गई है। जालियांवाला बाग़ स्मारक का पुनरुद्धार हुआ है, आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित जनजातीय संग्रहालय का निर्माण हुआ है और पहली बार राष्ट्रीय समर स्मारक भी स्थापित हुआ है। संविधान दिवस, सामाजिक समरसता दिवस, विभाजन विभीषिका दिवस, राष्ट्रीय एकता दिवस, जनजातीय गौरव दिवस और योग दिवस की भी शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले समस्याओं को ही नियति मान लिया गया था। देश की जनता ने तो यह सोचना ही छोड़ दिया था कि ये समस्याएं कभी ख़त्म भी हो सकती हैं लेकिन आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सभी समस्याओं का स्थायी और शांतिपूर्ण समाधान कर राष्ट्र को विकास की धारा के साथ जोड़ दिया। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 धाराशायी हुआ और सही मायनों में जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग बना। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बनने का सपना हुआ पूरा। तीन तलाक से मुस्लिम महिलाओं को आजादी मिली। अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग यानी ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता मिली। वन रैंक, वन पेंशन और वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना लागू हुआ। ऐतिहासिक श्रम सुधार क़ानून भी लागू हुआ। श्री नड्डा ने पूर्वोत्तर में विगत 8 वर्षों में हुए विकास के विभिन्न आयामों से परिचय कराते हुए कहा कि पूर्वोत्तर में विकास के नए सूरज का उदय हुआ है। पूर्वोत्तर में अलगाववाद व उग्रवाद पर रोक लगी है और वहां के लोगों को ब्लॉकेड से मुक्ति मिली है। नागालैंड शांति समझौता, एनएलएफटी त्रिपुरा समझौता, ब्रू-रियांग समझौता, बोडो शांति समझौता और कार्बी आंगलोंग समझौता से पूर्वोत्तर में शांति की राह बनी है। विगत 8 वर्षों में हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी ने लगभग 50 बार पूर्वोत्तर का दौरा किया है। हर 15 दिन में कोई न कोई केंद्रीय मंत्री पूर्वोत्तर के प्रवास पर होते हैं और विकास कार्यों का जायजा लेते हैं। श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की विदेश नीति ने एक नया इतिहास रचा है। आज पूरी दुनिया में भारत की विदेश नीति की सराहना होती है। पहली बार देश हित में विदेश नीति का रूपांतरण हुआ है। आज जब भारत बोलता है तो दुनिया सुनती है। ईराक, यमन, अफगानिस्तान से लेकर रूस-यूक्रेन युद्ध तक, भारत के बचाव और राहत अभियान की तो पूरी दुनिया कायल है। चाहे आतंकवाद का विषय हो, वैकल्पिक ऊर्जा का विषय हो, अंतर्राष्ट्रीय सौर-ऊर्जा संगठन की बात हो, कार्बन उत्सर्जन का विषय हो, रूस-यूक्रेन युद्ध की बात हो, क्वाड हो या अमेरिका, फ्रांस, जापान, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के साथ-साथ पड़ोसी देश के साथ भारत के संबंध हो, हर अवसर पर भारत की विदेश नीति शानदार रही है। विदेश नीति में पड़ोसी देशों में प्राथमिकता दी गई है। प्रधानमंत्री को अमेरिका, रूस सहित कई देशों के सर्वोच्च पुरस्कार एवं प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में कोविड प्रबंधन की भूरि-भूरि सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से केवल नौ महीने में दो-दो स्वदेशी वैक्सीन का निर्माण हुआ और इसका रोल-आउट भी सुनिश्चित हुआ। अब तक देश में 192 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज दिये जा चुके हैं। इतना ही नहीं, वैक्सीन मैत्री के तहत भारत ने दुनिया के लगभग 100 देशों को वैक्सीन की आपूर्ति भी की है। श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 8 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पार्टी एक पखवाड़ा विभिन्न कार्यक्रमों को मना रही है। आज प्रधानमंत्री जी ने कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों से एक अभिभावक के रूप में संवाद किया और उनके लिए ‘पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन’ के तहत छात्रवृत्ति जारी की। कल माननीय प्रधानमंत्री जी शिमला, हिमाचल प्रदेश के रिज मैदान से देश के किसानों के साथ संवाद करेंगे और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 11वीं क़िस्त जारी करेंगे। केन्द्र सरकार के 75 मंत्री देश के 75 विभिन्न स्थानों पर जाकर गरीब कल्याण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यहां वह केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी जायजा लेंगे। इस पखवाड़े में हर दिन सरकार की किसी विशिष्ट योजना के बारे में कार्यक्रम होंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^