22-Apr-2023 11:18 PM
2715
नयी दिल्ली 22 अप्रैल (संवाददाता) देशभर में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्यौहार धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
राष्ट्रीय राजधानी में ईद-उल-फितर के अवसर पर लोगों ने जामा मस्जिद में ईद की नमाज अदा की और इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। नमाज अदा करने के बाद लोग एक-दूसरे से गले मिले और बधाईयां दी।
देश के विभिन्न राज्यों से भी ईद का त्यौहार धूमधाम से मनाये जाने के समाचार मिले है।
सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य एवं मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने ईद-उल-फितर के मौके पर लोगों को बधाई दी।
श्री आचार्य ने सभी को, विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय को शुभकामनाएं देते हुए कहा, "मैं कामना करता हूं कि ईद का त्योहार शांति, सद्भावना लाये और लोगों के बीच भाईचारे के बंधन को मजबूत बनाये।
श्री तमांग ने सिक्किम के लोगों को विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय को ईद उल-फितर के अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।
ओड़िशा में आहेल हदीस समुदाय की मुस्लिम महिलाओं ने पुरानी परंपरा को तोड़ते हुए शनिवार को ईद के उपलक्ष्य में रानपाड़ा-कचेरी मार्ग स्थित मस्जिद मोहम्मदी में विशेष नमाज अदा की।
महिलाओं को विशेष नमाज अदा करने में मदद करने के लिए मस्जिद मोहम्मदी में विशेष व्यवस्था की गई थी।
अहल-हदीस समुदाय की महिलाओं को छोड़कर अल्पसंख्यक समुदाय की अन्य महिलाओं ने अपने घरों में ईद की नमाज अदा की।
मेघालय में मुस्लिमों के पवित्र रमजान महीने की समाप्ति पर ईद-उल-फितर का त्योहार इबादत के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर हजारों पुरुष , बच्चों ने नए कपड़े पहनकर शिंलॉग, दावकी, नोंगपोह, लाड रिंबाई, बिरनीहाट और गारो हिल्स क्षेत्र में ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की।
शिलॉग में मदीना मस्जिद, भारत की पहली कांच की मस्जिद के ईदगाह में सबसे ज्यादा भीड़ थी, जहां 10,000 से अधिक लोगों ने नमाज अदा की।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को अक्षय तृतीया और ईद-उल-फितर के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी।
सुश्री बनर्जी ने कहा,“अल्लाह के आशीर्वाद के साथ, आपके परिवार और आपके प्रियजनों के पास हर समय खुशियाँ हों। ईद मुबारक। इस शुभ अवसर पर, मैं सभी की भलाई के लिए ईश्वर से प्रार्थना करती हूं। ईश्वर सभी को अच्छा स्वास्थ्य, खुशी और समृद्धि प्रदान करें।”
केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में श्रीनगर के ऐतिहासिक जामिया मस्जिद को छोड़कर पूरे कश्मीर घाटी में सभी जगहों पर बड़ी संख्या में ईद-उल-फितर की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गयी।
डल झील के किनारे स्थित हजरतबल दरगाह में बड़ी संख्या में लोगों का जमावड़ा देखा गया। सभी यहां ने नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले लगाकर भाईचारे का संदेश दिया।
अधिकारियों ने कहा कि पूरी घाटी में ईद की नमाज शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुई। प्रशासन ने श्रीनगर के जामिया मस्जिद में आज नमाज अदा करने की अनुमति नही दी। अधिकारियों ने शब-ए-कद्र और रमजान के आखिरी शुक्रवार को इस मस्जिद में नमाज अदा करने की अनुमति प्रदान की थी।
जामिया मस्जिद के प्रबंध निकाय अंजुमन औकाफ ने मस्जिद में लगातार चौथे वर्ष ईद की नमाज अदा करने की अनुमति नहीं देने पर प्रशासन के खिलाफ कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।
अंजुमन ने कहा था कि पुलिस और अधिकारियों ने शुक्रवार देर शाम उन्हें सूचित किया कि जामिया मस्जिद में ईद की नमाज केवल तभी पढ़ी जा सकती है जब यह सुबह 7.30 बजे से पहले अदा की जाएगी, जो कि उनके लिए असंभव था क्योंकि पहले ही सुबह नौ बजे ईद की नमाज अदा करने का कार्यक्रम बन चुका था। मस्जिद में दूर-दराज के क्षेत्रों से लोग ईद की नमाज अदा करने आते हैं।
प्रबंधन निकाय ने कहा कि “श्रीनगर की जामिया मस्जिद कश्मीर घाटी में सामूहिक नमाज अदा करने का केंद्रीय स्थल है, न कि कोई स्थानीय मस्जिद। पूरी घाटी के लोगों के लिए जामिया मस्जिद तक पहुंचने की सुविधा को देखते हुए सामूहिक नमाज का समय निर्धारित किया जाता है। यह अजीब बात है कि अगर अन्य सभी स्थानों पर सामूहिक नमाज की अनुमति प्रदान की जा सकती है, तो जामिया मस्जिद में क्यों नहीं और यहां अनुचित शर्तें क्यों लागू की जा रही हैं।”
रमजान महीने का समापन होने के बाद ईद-उल-फितर का जश्न शनिवार को पूरे कश्मीर घाटी में गर्मजोशी के साथ शुरू हुआ। ईद का जश्न आज सुबह से ही शुरू हो गया और हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विशेष नमाज अदा की। शहर में मुख्य नमाज हजरतबल दरगाह में आयोजित की गई।
राजस्थान में भी ईद उल फितर का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ईद के त्योहार पर आज प्रदेशवासियों को मुबारकबाद दी और जिंदगी में तरक्की और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर श्री गहलोत ने कहा कि अमन, चैन और भाईचारे के त्योहार ईद की आप सभी को तहे दिल से मुबारकबाद।
उन्होंने कहा कि यह पाक घड़ी प्रदेशवासियों की जिंदगी में तरक्की और खुशहाली लाए।
मुख्यमंत्री ने अक्षय तृतीया पर्व की भी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी।...////...