मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास में 172 करोड़ रूपये के विकास कार्यो का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इसमें अमृत योजना में 151.90 करोड़ रूपये के 8 विकास कार्यो का भूमि-पूजन और जिला चिकित्सालय परिसर देवास में 20 करोड़ रूपये की लागत से बने नवीन 100 बिस्तरीय मेटरनिटी अस्पताल का लोकार्पण किया। मेटरनिटी अस्पताल में जिले की महिलाओं को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 11 से 15 अगस्त तक तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवास में दो देवियों का वास है। देवास के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। देवास को आज नवीन 100 बिस्तर के मेटरनिटी अस्पताल की सौगात मिली है। मेटरनिटी अस्पताल जिले की महिलाओं को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करेगा। देवास में अस्पताल बन जाने से अब देवास की बहू-बेटियों को इंदौर-उज्जैन नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मेटरनिटी अस्पताल भवन में महिलाओं को बेहतर सुविधा और सेवाऐं मिलेगी।