धामी एक साल की उपलब्धियों पर जारी करेंगे पुस्तिका
22-Mar-2023 10:45 PM 4553
नयी दिल्ली 22 मार्च (संवाददाता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी सरकार के एक साल के कामकाज के विवरण को लेकर गुरुवार को पुस्तिका जारी करेंगे जिसके जरिए वह अपनी उपलब्धियां जनता के सामने रखेंगे। उत्तराखंड सरकार के सूत्रों के अनुसार श्री धामी गुरुवार सुबह 11 बजे राज्य की राजधानी देहरादून में अपने कार्यों की उपलब्धियों पर 'विकास पुस्तिका' जारी करेंगे। इस पुस्तिका में पिछले एक साल के दौरान राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों और अभिनव प्रयासों का विवरण होगा। सूत्रों ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में इस अवसर पर ‘एक साल नई मिसाल‘ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है जिसके तहत ’जन सेवा‘ थीम पर बहुउद्देशीय शिविर एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम में प्रभारी जिला मंत्रियों, पदाधिकारियों, स्थानीय विधायकों तथा अन्य जन प्रतिनिधियों को उपस्थिति रहने को कहा गया है। मुख्यमंत्री के पुस्तिका विमोचन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा जिसे राज्य के सभी जिलों में देखा जा सकेगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्थित उत्तराखंड सदन में भी कार्यक्रम का प्रसारण देखने की व्यवस्था की गई है जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को मौजूद रहने को कहा गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^