दिल्ली में आई बाढ़ के पीछे भाजपा और मोदी सरकार की गहरी साजिश : संजय सिंह
14-Jul-2023 08:39 PM 6537
नयी दिल्ली, 14 जुलाई (संवाददाता) आम आदमी पार्टी (आप) ने यमुना का जल स्तर बढ़ने से दिल्ली में पैदा हुए बाढ़ के हालात के पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मोदी सरकार की गहरी साजिश करार दिया है। ‘आप’ के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज कहा कि दिल्ली में आई बाढ़ भाजपा और केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित थी। इसका मकसद दिल्ली को बर्बाद करना था। दिल्ली में तीन दिनों से बारिश नहीं हुई है, फिर भी यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया, क्योंकि हथिनी कुंड से सारा पानी दिल्ली की ओर यमुना में छोड़ा गया। ऐसी स्थिति में हथिनी कुंड से उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली की तरफ बराबर पानी छोड़ा जाता है लेकिन केंद्र सरकार ने नफरत और दुर्भावना के चलते नौ से 13 जुलाई तक सारा पानी दिल्ली की ओर छोड़ा गया। उन्होंने कहा ,“ दिल्ली के अंदर बिना बारिश के जो बाढ़ आई है, यह एक प्रायोजित की हुई आपदा है यह प्राकृतिक आपदा नहीं है। इस बात को हम पूरी जिम्मेदारी के साथ कह सकते हैं। ऐसे समय में जब हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में लोग बाढ़ की तबाही झेल रहे हैं, देश के प्रधानमंत्री भारत छोड़कर फ्रांस की सैर पर निकल गए हैं। इसमें कोई दिक्कत नहीं, मगर कम से कम उन्हें जाते अपनी पार्टी के लोगों को समझाकर जाना चाहिए था कि ऐसी परिस्थिति में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। मगर ये लोग तो अभी भी वही घटियां राजनीति करने में लगे हुए है।” सांसद संजय सिंह ने कहा कि आखिर भाजपा के लोग ऐसा क्यों कर रहे हैं? दिल्ली के लोगों ने तो इनके सात सांसदों को जिताया है। बेहतर यह होता कि सातों सांसद हरियाणा की सरकार और प्रधानमंत्री से अपील करते कि पानी को सभी जगह बराबर छोड़ा जाए। सारा पानी दिल्ली की तरफ क्यों छोड़ रहे हैं? अगर बराबर पानी छोड़ते तो इतनी भयावह स्थिति नहीं पैदा होती। आपदा प्रबंधन के लोग आपस में बातचीत करते और पानी का फैलाव बराबर होता, तो शायद यह बाढ़ की स्थिति न ही दिल्ली को झेलनी पड़ती और न उत्तर प्रदेश और हरियाणा को झेलनी पड़ती। ‘आप’ की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा,“ पिछले तीन दिनों से दिल्ली में बारिश नहीं हुई है। आज हम दिल्ली में यमुना के निचले इलाकों में जो बाढ़ देख रहे हैं, वह भाजपा द्वारा ‘मैन मेड’ बाढ़ है। केंद्र सरकार ने पूरी मंशा से ये सुनिश्चित किया कि हथिनी कुंड बैराज का पूरा पानी हरियाणा से दिल्ली आए। ” उन्होंने कहा,“ हमारे सभी मंत्री, विधायक, पार्षद, निगम के महापौर मैदान में उतरकर प्रभावित लोगों की मदद में जुटे हैं। यहां तक कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल स्वयं पहले दिन से ही लगातार स्थिति पर पैनी नजर रखे हैं और वे विभिन्न इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। हम हर तरह से स्थिति को संभालने की कोशिश कर रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^