17-Jan-2022 09:33 PM
4831
मुंबई, 17 जनवरी (AGENCY) महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने पीजेंट एंड वर्कर पार्टी (पीडब्ल्यूपी) के नेता डॉक्टर एन डी पाटिल के निधन पर सोमवार को दुख व्यक्त किया।
श्री पाटिल का कोल्हापुर में संक्षिप्त बीमारी के बाद 93 वर्ष की उम्र में अस्पताल में निधन हो गया ।
श्री कोश्यारी ने शोक संदेश में कहा, “ एन डी पाटिल एक जुझारू नेता थे, जिन्होंने आम लोगों, मेहनतकशों, किसानों और मजदूरों के अधिकारों के लिए पूरे दिल से काम किया। वह उनसे जुड़े किसी भी मुद्दे को पूरी तैयारी के साथ उठाते और अंजाम तक लाते थे।”
श्री कोश्यारी ने कहा कि श्री पाटिल के निधन से शिक्षा, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में हुई क्षति की भरपायी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा, “ मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके परिवार तक मेरा शोक संदेश पहुंच गया है।”
डॉक्टर पाटिल, श्री शरद पवार के नेतृत्व वाली सरकार में सहकारिता मंत्री थे। आज यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वह विधायिका में गरीबों और मेहनतकश लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाते रहे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी श्री पाटिल के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि किसानाें ने सच्चा किसान नेता खो दिया, यह सहकारी क्षेत्र में महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने भी श्री पाटिल के निधन पर दुख व्यक्त किया है।...////...