आगरा में मुठभेड़, 50 हजार का इनामी कुख्यात बदमाश मुकेश ठाकुर ढेर
31-Aug-2021 12:00 PM 9200
आगरा। आगरा पुलिस ने सोमवार तड़के बैंक और पेट्रोल पंप लूटने वाले राजस्थान के कुख्यात बदमाश मुकेश ठाकुर को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। बदमाश ठाकुर बसेड़ी का रहने वाला था और उस पर 50 हजार का इनाम भी घोषित था। पिछले दिनों कैनरा बैंक में लूट के बाद से मुकेश ठाकुर फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक मुकेश ठाकुर को रविवार रात एक सहयोगी के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद जब उसे हथियार बरामदगी के लिए ले जाया रहा था, तभी पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की तरफ से जवाबी फायरिंग में मुकेश ठाकुर को गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में एक सब इंस्पेक्टर और सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक मुकेश ठाकुर आगरा, धौलपुर में भी कई संगीन वारदातों में वांछित था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 16 फरवरी को इरादत नगर स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े फायरिंग कर 6.7 लाख रुपये की डकैती डाली थी। इसके बाद उसके गैंग के कुछ बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने पर्दाफाश किया था। मगर, मुकेश ठाकुर हाथ नहीं आया था। इसके बाद उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आइजी रेंज आगरा नवीन अरोरा ने बताया कि मुखबिर की सूचना के बाद मुकेश ठाकुर को रविवार देर रात पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया था। चूंकि वह अपहरण की किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहा था, लिहाजा उसके स्थानीय साथी के बारे में जानकारी की गई तो उसने बताया कि वह वहां ले जा सकता है। इसके बाद एसओजी, सर्विलांस, और क्राइम ब्रांच की टीम उससे रायफल बरामदगी को साथ ले जा रही थी। तभी सदर क्षेत्र में बीएसएनएल ग्राउंड के पास बदमाश ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर पुलिस पर फायरिंग कर दी और वह भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी करके उस पर जवाबी फायरिंग की। इसमें उसे गोली लग गई। बदमाश को घायल अवस्था में एसएन इमरजेंसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। Uttar Pradesh..///..encounter-in-agra-a-reward-of-50-thousand-notorious-crook-mukesh-thakur-killed-314439
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^