एनीमेटेड टीवी श्रृंखला ‘कृष, ट्रिश और बाल्टिबॉय-भारत हैं हम’ का दूरदर्शन पर प्रसारण 15 अक्टूबर से
11-Oct-2023 08:05 PM 7058
नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (संवाददाता) सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को यहां एक कार्यक्रम में ‘कृष, ट्रिश और बाल्टिबॉय (केटीबी)-भारत हैं हम’एनीमेटेड टीवी एवं डिजिटल श्रृंखला के ट्रेलर ( संक्षिप्त झांकी) जारी की। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केन्द्रीय संचार ब्यूरो और ग्राफिटी स्टूडियो द्वारा निर्मित दो सीज़न वाली एक एनिमेटेड श्रृंखला है। मंत्रालय के अनुसार इस सीरीज़ में 11-11 मिनट के 52 एपिसोड हैं, जिनमें ईसवी सन 1500 से 1947 तक के भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की कहानियां शामिल हैं। दूरदर्शन पर इस श्रृंखला के पहले सीज़न का साप्ताहिक प्रसारण रविवार, 15 अक्टूबर से शुरू होगा और रविवार, सात जनवरी तक चलेगा। सीज़न 2 में फिर इसका प्रसारण रविवार, 28 जनवरी 2024 से शुरू हो कर रविवार, 21 अप्रैल 2024 तक चलेगा। इसे नेटफ्लिक्स और अमेजन प्राइम वीडियो पर भी देखा जा सकेगा। इस श्रृंखला की मेजबानी प्रतिष्ठित एनिमेटेड पात्रों कृष, ट्रिश और बाल्टिबॉय द्वारा की गई है। इसका निर्माण ग्राफिटी स्टूडियोज के मुंजाल श्रॉफ और तिलकराज शेट्टी की सह-निर्माता जोड़ी ने किया है। श्री ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि यह श्रृंखला युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के उन गुमनाम, लेकिन महत्वपूर्ण योगदान करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में शिक्षित करने का एक प्रयास है जिन्हें अतीत की शिक्षा प्रणाली ने भुला दिया था और उनका पर्याप्त उल्लेख नहीं किया गया था। इसके साथ ही यह श्रृंखला उन लोगों की कहानी सामने लाकर युवा पीढ़ी को प्रेरित करने का प्रयास कर रही है जिनके योगदान ने आधुनिक भारत को आकार प्रदान दिया है। यह श्रृंखला विदेशी भाषाओं सहित कई भाषाओं में रिलीज होगी, जो भाषा की बाधाओं को पार कर इन सेनानियों की कहानियों को पूरी दुनिया के दर्शकों तक पहुंचाएगी। श्री ठाकुर ने कहा कि दूरदर्शन, नेटफ्लिक्स और अमेज़ॅन प्राइम एक ही समय में इस एनिमेटेड श्रृंखला का प्रसारण करेंगे। यह ऐसा प्रयास है, जो इससे पहले कभी नहीं किया गया है। इस श्रृंखला में एक प्रमुख केंद्र बिंदु विदेशी उपनिवेशवादियों के खिलाफ किए गए संघर्ष में महिलाओं और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को दर्शाना है।उन्होंने घोषणा की कि यह श्रृंखला अगले सत्र के दौरान सभी सांसदों को दिखाई जाएगी। सूचना एवं प्रसारण सचिव अपूर्व चंद्रा ने कहा कि मंत्रालय के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है कि वह पहली बार एक ऐसी एनिमेटेड सीरीज़ शुरू कर रहा है, जिसका उद्देश्य सामान्य रूप से भारत के लोगों और विशेष रूप से देश के बच्चों पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि एक व्यय निकाय, केंद्रीय संचार ब्यूरो, राजस्व अर्जित करने के क्षेत्र में शामिल हो रहा है। इस सीरीज़ का निर्माण करने में एक हजार से अधिक लोगों ने योगदान दिया है। जहां एक सामान्य एनीमेशन शो में लगभग 40 पृष्ठभूमि वाले 25 से 30 पात्र होते हैं, वहीं ‘भारत हैं हम’ के एक एपिसोड में औसतन 50 पृष्ठभूमि वाले 50 से 100 पात्र हैं। इस श्रृंखला को हिन्दी (मास्टर), तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, मराठी, गुजराती, पंजाबी, बंगाली, असमिया, उड़िया और अंग्रेजी के साथ साथ फ़्रेंच, स्पैनिश, रूसी, अरबी, चीनी, जापानी और कोरियाई भाषाओं में प्रस्तुत किया जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^